खान ने दिया था परमाणु बम बनाने का प्रस्ताव
वाशिंगटन(एजेंसी) पाकिस्तान के बदनाम परमाणु वैज्ञानिक अब्दुल कादिर खान से जुड़े एक एजेंट ने 1990 में इराक के तानाशाह सद्दाम हुसैन को परमाणु बम बनाने की पेशकश की थी। एक किताब में यह दावा किया गया है।
किताब के अनुसार , तीन साल में 150 मिलियन डालर [करीब सात अरब रुपये] के अनुबंध के तहत परमाणु बम बनाने का सौदा हो रहा था। संयुक्त राष्ट्र के पूर्व हथियार इंस्पेक्टर डेविड अलब्राइट की यह किताब ' पेडलिंग पेरिल : हाउ द सीक्रेट न्यूक्लियर ट्रेड आर्म्स अमेरिकाज एनिमीज ' अगले सप्ताह बाजार में आएगी।
' द वाशिंगटन पोस्ट ' की रिपोर्ट के मुताबिक प्रस्ताव मे हथियारों के निर्माण के अलावा उत्पादन संयंत्र और परमाणु बमों की निगरानी के लिए विदेशी विशेषज्ञों की तैनाती पर भी चर्चा हुई थी। किताब के अनुसार पाकिस्तान को इसे तैयार करने में दस साल का समय लगा। इसकी लागत 30 लाख अमेरिकी डालर [करीब 14 अरब रुपये] आई है।
किताब में यह भी कहा गया है कि पाकिस्तान अपने अनुभव और विश्वव्यापी संबंधों के चलते ईरान के लिए तीन साल में परमाणु बम बना सकता है। इसके लिए पाकिस्तान के तीन वैज्ञानिक वहां काम करने को तैयार हैं
|