लखनऊ, पूर्वांचल समाचार: उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के नतीजों और रुझानों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व म...
लखनऊ, पूर्वांचल समाचार: उत्तर प्रदेश विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव के नतीजों और रुझानों के बीच समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नवनिर्वाचित एमएलसी को बेहद सतर्क और संयमित रहने की कड़ी हिदायत दी है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' (पूर्व में ट्विटर) पर एक विस्तृत संदेश जारी करते हुए सपा प्रमुख ने जीत हासिल करने वाले प्रत्याशियों और उनके सहयोगियों को बधाई दी। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जीत की खुशी में कोई भी हो-हल्ला, शक्ति प्रदर्शन या विजय जुलूस न निकाला जाए, बल्कि इस सफलता को केवल शांतिपूर्ण ढंग से सोशल मीडिया के जरिए जनता तक पहुंचाया जाए।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
"भाजपा रच सकती है उपद्रव की साजिश, खराब कर सकती है छवि": सपा अध्यक्ष
अखिलेश यादव ने आगामी राजनीतिक चुनौतियों का हवाला देते हुए कार्यकर्ताओं को आगाह किया कि सामने विधानसभा चुनाव हैं, जिसे देखते हुए भारतीय जनता पार्टी किसी भी हद तक जा सकती है।
उन्होंने पोस्ट में लिखा, "कोई हो-हल्ला या जुलूस नहीं, जिससे भाजपाई हमारे बीच घुसकर माहौल को बिगाड़ न पाएं और हम पर हुड़दंग करने का झूठा आरोप न लगा सकें। हमें हर तरह के षड्यंत्र और मनगढ़ंत आरोपों से खुद को बचाना है। भाजपा किसी भी वक्त गुंडागर्दी और अराजकता की साजिश रचकर हमारी छवि को धूमिल करने का प्रयास कर सकती है।" उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मर्यादा और संयम की मिसाल पेश करने का आह्वान किया।
जीते हुए एमएलसी बनाएं मददगारों की सूची, खुद क्षेत्र में आकर करेंगे सम्मान
सपा मुखिया ने नवनिर्वाचित विधान परिषद सदस्यों को यह भी निर्देशित किया कि वे चुनाव में पर्दे के पीछे रहकर मेहनत करने वाले निष्ठावान साथियों को न भूलें।
अखिलेश यादव ने कहा कि सभी विजयी एमएलसी उन सभी लोगों, कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और शुभचिंतकों की एक विस्तृत सूची तैयार करें जिन्होंने इस चुनाव में तन-मन से सहयोग देकर उन्हें जीत की दहलीज तक पहुंचाया है। सपा प्रमुख ने भरोसा दिलाया कि वे स्वयं सभी का अभिनंदन करेंगे और संभव हुआ तो स्वयं उनके निर्वाचन क्षेत्र में पहुंचकर ऐसे निष्ठावान कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे।
