google.com, pub-8818714921397710, DIRECT, f08c47fec0942fa0 वाराणसी में एयर शो के दूसरे दिन नमो घाट पर गरजा राफेल, गंगा के ऊपर सारंग ने उकेरा तिरंगा - Purvanchal samachar - पूर्वांचल समाचार

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ads

वाराणसी में एयर शो के दूसरे दिन नमो घाट पर गरजा राफेल, गंगा के ऊपर सारंग ने उकेरा तिरंगा

वाराणसी: धर्मनगरी काशी में भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य एयर शो के दूसरे दिन शनिवार को काशी के आसमान मे...

वाराणसी: धर्मनगरी काशी में भारतीय वायुसेना के 94वें स्थापना वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य एयर शो के दूसरे दिन शनिवार को काशी के आसमान में पराक्रम और शौर्य का अद्भुत नजारा देखने को मिला। वायुसेना की विख्यात 'सारंग' हेलिकॉप्टर टीम ने मां गंगा के पावन आंचल के ऊपर तिरंगा बनाकर सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया और घाटों की भव्य परिक्रमा की। नमो घाट पर वायुसेना के जांबाज गरुड़ कमांडोज ने हेलिकॉप्टर से रस्सी के सहारे क्रूज पर उतरकर और कुछ ही पलों में वापस चढ़कर हैरतअंगेज मॉक ड्रिल का प्रदर्शन किया।

Varanasi News air show , Artist Ayushi Gupta
Purvanchal Samachar 

52 फाइटर जेट्स की गर्जना और सुखोई के करतबों पर बजीं तालियां


नमो घाट और आसपास के गंगा घाट राफेल, सुखोई-30 एमकेआई और मिराज जैसे 52 लड़ाकू विमानों की गगनभेदी गर्जना से दिनभर थर्राते रहे।

हवा में सुखोई की अद्भुत कलाबाजियां देखकर घाटों पर उपस्थित हजारों दर्शक लगातार तालियां बजाते रहे। लड़ाकू विमान कभी तेज गति से जमीन की ओर गोता लगाते, तो कभी अचानक 90 डिग्री के कोण पर मुड़कर आसमान की ऊंचाइयों में गोल-गोल गुलाटियां मारते नजर आए। इस ऐतिहासिक एयर शो में 15 परिवहन विमान, 32 हेलिकॉप्टर और विंटेज विमान 'सारनाथ' सहित कुल 100 विमानों ने देश के 12 विभिन्न एयरबेस से उड़ान भरकर भाग लिया। शो देखने पहुंचे विदेशी पर्यटक भी भारतीय वायुसेना का यह अदम्य पराक्रम देखकर रोमांचित हो उठे।



काशी की आर्टिस्ट आयुषी गुप्ता ने की सराहना: "पीएम मोदी के कारण ही काशी में संभव हुआ यह ऐतिहासिक दृश्य"


वाराणसी की जानी-मानी युवा आर्टिस्ट आयुषी गुप्ता ने  वायुसेना के इस भव्य एयर शो को अपनी कलात्मक दृष्टि से देखते हुए खुले दिल से सराहना की और इस अद्वितीय आयोजन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया।


आयुषी गुप्ता ने पूर्वांचल समाचार से खास वार्तालाप में कहा कि काशी के प्राचीन और आध्यात्मिक क्षितिज पर भारतीय वायुसेना का यह पराक्रम देखना एक ऐसा क्षण था जिसे केवल आंखों से नहीं, बल्कि दिल से महसूस किया जा सकता है। उन्होंने कहा, "गंगा की लहरों पर सारंग हेलिकॉप्टरों द्वारा बनाया गया तिरंगा और राफेल की तीव्र गर्जना ऐसा प्रतीत हो रही थी मानो देश का गौरव आसमान के कैनवास पर रंगों की तरह बिखर गया हो। यह ऐतिहासिक नजारा हर काशीवासी और भारतीय के लिए गर्व और अनंत प्रेरणा का प्रतीक है। हम सभी काशीवासी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के हृदय से आभारी हैं, क्योंकि उनके दूरदर्शी नेतृत्व और काशी के प्रति अगाध प्रेम के कारण ही हमारी धर्मनगरी में इतना भव्य और ऐतिहासिक राष्ट्रीय उत्सव संभव हो सका है।"



25 अक्टूबर को अंतिम दिन पहुंचेंगे पीएम मोदी, एयरबेस लौटे विमान


एयर शो के सफल प्रदर्शन के बाद फाइटर जेट्स, सूर्य किरण एरोबेटिक टीम और अन्य विमान वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतरे, जिससे रनवे पर खासी चहल-पहल देखने को मिली।

इस तीन दिवसीय एयर शो का समापन 25 अक्टूबर को होगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं काशी पहुंचकर इस महाआयोजन के साक्षी बनेंगे।