गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने पूर्वांचल में अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शु...
गाजीपुर: उत्तर प्रदेश के आगामी 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने पूर्वांचल में अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गाजीपुर की हाई-प्रोफाइल जंगीपुर विधानसभा सीट से बसपा ने बड़ा दांव खेलते हुए पूर्व ब्लॉक प्रमुख सुभाष चंद्र गुप्ता को अपना अधिकृत प्रत्याशी घोषित कर दिया है। इस महत्वपूर्ण निर्णय का ऐलान बसपा के पूर्व एमएलसी और विधान परिषद के पूर्व नेता प्रतिपक्ष दिनेश चंद्र ने एक औपचारिक प्रेस वार्ता के दौरान किया।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
बिरनो ब्लॉक प्रमुख से लेकर विधानसभा प्रभारी तक का सफल राजनीतिक सफर
सुभाष चंद्र गुप्ता जंगीपुर और आसपास के ग्रामीण अंचलों में एक मजबूत सांगठनिक पकड़ रखने वाले नेता माने जाते हैं। वह वर्ष 2010 से 2015 तक बिरनो ब्लॉक के प्रमुख पद पर आसीन रह चुके हैं। ब्लॉक प्रमुख का कार्यकाल पूरा करने के बाद से ही वे जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में बसपा के प्रभारी के रूप में लगातार सक्रिय रहे हैं और जमीनी स्तर पर कैडर को मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं।
मायावती से मिला चुनाव लड़ने का हरी झंडी व आशीर्वाद
पार्टी द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने के बाद सुभाष चंद्र गुप्ता ने बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री मायावती के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि संगठन के प्रति उनकी निष्ठा और कार्यशैली को देखते हुए उन्हें बसपा सुप्रीमो द्वारा लखनऊ बुलाकर समीक्षा की गई और चुनाव में विजय हासिल करने के निर्देश के साथ आशीर्वाद दिया गया।
सुभाष चंद्र गुप्ता ने दावा किया कि वे जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र में सर्वसमाज के विकास और पानी, सड़क, स्वास्थ्य व्यवस्था युवाओं व महिलाओं के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेंगे। चुनाव से काफी समय पूर्व प्रत्याशी की घोषणा होने से जंगीपुर क्षेत्र का सियासी पारा चढ़ गया है और अन्य दलों में भी हलचल तेज हो गई है।
