वाराणसी। वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रवि सिंह पर मुकदमा दर्ज होने के बाद सियासत गरमा गई है। पुलिसिया कार्रवा...
वाराणसी। वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र में भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रवि सिंह पर मुकदमा दर्ज होने के बाद सियासत गरमा गई है। पुलिसिया कार्रवाई से नाराज भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को राजातालाब थाने पर जोरदार प्रदर्शन किया और एसीपी से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
क्या है पूरा विवाद?
मामले की जड़ 20 फरवरी को कोइलीपुल के पास हुए एक सड़क हादसे से जुड़ी है, जिसमें एक 42 वर्षीय महिला की मौत हो गई थी। आरोप है कि अस्पताल में पंचायतनामा के दौरान भीड़ ने हंगामा किया। चौकी प्रभारी आनंद कुमार पांडेय की तहरीर पर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रवि सिंह सहित करीब दर्जनभर लोगों के खिलाफ डॉक्टर को बंधक बनाने, पुलिस से दुर्व्यवहार और सरकारी कार्य में बाधा डालने की संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कार्यकर्ताओं का दावा: 'दोषी नहीं, मददगार हैं रवि सिंह'
एसीपी से वार्ता के दौरान कार्यकर्ताओं ने तर्क दिया कि रवि सिंह एक जिम्मेदार पदाधिकारी हैं और वे केवल स्थिति को शांत कराने के लिए मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पुलिस पर आरोप लगाया कि बिना किसी सत्यापन के निर्दोषों का नाम एफआईआर में घसीटा गया है, जिससे संगठन की छवि प्रभावित हो रही है।
एसीपी का आश्वासन: 'साक्ष्यों पर होगी कार्रवाई'
एसीपी राजातालाब ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि पुलिस किसी भी निर्दोष को परेशान नहीं करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले की जांच चल रही है और केवल उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर ही अगली कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। इस आश्वासन के बाद कार्यकर्ता शांत होकर लौट गए।
