गाजीपुर (ब्यूरो)। चैत्र नवरात्रि में मां विंध्यवासिनी के दरबार में हाजिरी लगाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन निगम ने गा...
गाजीपुर (ब्यूरो)। चैत्र नवरात्रि में मां विंध्यवासिनी के दरबार में हाजिरी लगाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन निगम ने गाजीपुर से विंध्याचल धाम के लिए विशेष शटल बस सेवा शुरू करने का फैसला किया है। अब भक्तों को निजी वाहनों या ट्रेनों की मारामारी से जूझना नहीं पड़ेगा। विभाग ने श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए दो बसों को विशेष रूप से इस रूट पर तैनात किया है, जो प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे अपनी यात्रा शुरू करेंगी।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
एक ही दिन में दर्शन कर लौट सकेंगे श्रद्धालु
प्रभारी एआरएम ने बताया कि नई व्यवस्था के तहत एक बस गाजीपुर डिपो से और दूसरी विंध्याचल से सुबह प्रस्थान करेगी। दर्शन-पूजन के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए दोनों ही स्थानों से दोपहर 3:00 बजे वापसी की बसें रवाना होंगी। इससे न केवल समय की बचत होगी, बल्कि बुजुर्गों और महिलाओं के साथ सपरिवार दर्शन के लिए जाने वाले लोगों को सीधा और सुरक्षित परिवहन उपलब्ध होगा।
हर साल चैत्र नवरात्रि में जिले से हजारों की संख्या में श्रद्धालु विंध्याचल जाते हैं। ट्रेनों में पैर रखने की जगह नहीं होती, ऐसे में रोडवेज की यह शटल सेवा 'लाइफलाइन' साबित होगी। एआरएम ने स्पष्ट किया कि भीड़ बढ़ने पर बसों की संख्या में और भी इजाफा किया जा सकता है, ताकि किसी भी यात्री को परेशानी न हो।
