गाजीपुर (ब्यूरो)। थाना क्षेत्र के नेवादा मठिया गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क की जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जयंती और पूजा की ...
गाजीपुर (ब्यूरो)। थाना क्षेत्र के नेवादा मठिया गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क की जमीन को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। जयंती और पूजा की तैयारियों के तहत ग्रामीणों द्वारा की जा रही साफ-सफाई के दौरान दूसरे पक्ष ने जमीन पर अपना हक जताते हुए काम रोक दिया, जिससे देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया। फिलहाल मामले के निस्तारण के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने तलब किया है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
पूजा की तैयारी में डाला खलल, आक्रोशित ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
ग्रामीण रामबदन राम और अनीता देवी का कहना है कि गांव में एक मंडा जमीन अंबेडकर पार्क के लिए सुरक्षित है। वर्षों से यहां जयंती और अन्य कार्यक्रम होते आए हैं। बुधवार को जब ग्रामीण पार्क की सफाई कर रहे थे, तभी विपक्षी पक्ष ने गाली-गलौज और मारपीट की कोशिश की। इसके विरोध में दर्जनों ग्रामीणों ने मौके पर ही प्रदर्शन किया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए न्याय की गुहार लगाई। ग्रामीणों का आरोप है कि विपक्षी पक्ष हर बार आयोजन के समय जानबूझकर विवाद खड़ा करता है।
लेखपाल ने कहा, पैमाइश के बाद सुलझेगा विवाद
इस पूरे विवाद पर क्षेत्रीय लेखपाल हिमांशु राजन ने दो टूक शब्दों में पुष्टि की है कि विवादित जमीन राजस्व अभिलेखों में डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क के नाम पर ही सुरक्षित है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मौके पर जाकर पैमाइश की जाएगी और समस्या का स्थाई समाधान निकाला जाएगा। प्रदर्शन के दौरान अमरजीत, अजीत, मनोज, रमेश, रोहित समेत दर्जनों की संख्या में महिलाएं और पुरुष मौजूद रहे।
