Mau News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ जनपद के मधुबन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पाती स्थित गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा को ...
Mau News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को मऊ जनपद के मधुबन विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत पाती स्थित गांधी मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जहां विपक्ष पर तीखे राजनीतिक तीर चलाए, वहीं अपराधियों और माफियाओं को बेहद कड़े लहजे में चेतावनी दी। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि अब उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और किसी भी माफिया को सिर उठाने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
माफिया राज खत्म, सुरक्षा से समझौता नहीं: मुख्यमंत्री
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा, "अब प्रदेश में कोई माफिया खुली जीप में घूमकर किसी हिंदू को धमकी नहीं दे सकता।" पिछली सरकारों के कार्यकाल की याद दिलाते हुए उन्होंने कहा कि पहले बेटियां स्कूल नहीं जा पाती थीं, शोहदे उन्हें परेशान करते थे और दिनदहाड़े अपहरण हो जाता था। व्यापारी सूर्यास्त से पहले दुकान बंद करने को मजबूर थे। लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। सीएम ने चेतावनी दी, "अगर किसी ने बेटी और व्यापारी की सुरक्षा में सेंध लगाने की कोशिश की, तो अगले चौराहे पर यमराज उसका इंतजार करेंगे।"
धार्मिक पर्वों में व्यवधान डालने वालों की खैर नहीं
मुख्यमंत्री ने सांस्कृतिक और धार्मिक स्वतंत्रता पर जोर देते हुए कहा कि रामलीला, रामनवमी, शिवरात्रि और रक्षाबंधन जैसे पवित्र पर्वों में यदि किसी ने भी व्यवधान डालने का दुस्साहस किया, तो उसकी रावण और कंस जैसी दुर्गति होना तय है।
सपा-कांग्रेस पर जमकर बरसे सीएम
विपक्ष को आड़े हाथों लेते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले गरीबों को दिया जाने वाला राशन सपा और कांग्रेस के गुंडे डकार जाते थे, लेकिन आज डबल इंजन की सरकार में पात्र लाभार्थियों को मुफ्त राशन मिल रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष ने गरीबों के घरों में शौचालय क्यों नहीं बनवाया? हमारी सरकार ने उत्तर प्रदेश के भीतर 3 करोड़ से अधिक परिवारों को मुफ्त शौचालय की सुविधा दी है। इसके अलावा, किसान दुर्घटना बीमा योजना का लाभ अब मात्र 24 घंटे के भीतर दिया जा रहा है।
खराब मौसम के बावजूद पहुंचे सीएम, दी 392 करोड़ की सौगात
शुक्रवार को खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री तय समय सुबह 10:30 बजे के बजाय करीब 11:00 बजे मधुबन पहुंचे। उन्होंने मऊ जनपद को 392 करोड़ रुपये की लागत वाली 114 विकास परियोजनाओं की बड़ी सौगात दी, जिसका उन्होंने लोकार्पण और शिलान्यास किया।
इस भव्य जनसभा को प्रदेश के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री एके शर्मा, प्रभारी मंत्री गिरीश चंद्र यादव, पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर, कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान और मधुबन के विधायक राम विलास चौहान ने भी संबोधित किया।
