लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की शुक्रवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में लखनऊ के मेदांत...
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय की शुक्रवार दोपहर अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में लखनऊ के मेदांता हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान उन्हें अचानक सीने में दर्द और बेचैनी महसूस हुई। हालत बिगड़ने पर उन्हें तत्काल आईसीयू (ICU) में शिफ्ट किया गया, जहाँ विशेषज्ञों की टीम उनके उपचार में जुटी है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
पार्टी कार्यालय में बिगड़ी तबीयत
अजय राय शुक्रवार को लखनऊ में श्रमिक दिवस और बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित शिक्षक एवं डॉक्टर सम्मेलन में शामिल हुए थे। कार्यक्रम के बाद वे यूपी प्रभारी अविनाश पांडेय को एयरपोर्ट छोड़कर वापस माल एवेन्यू स्थित पार्टी दफ्तर आए थे। यहीं दूसरे कार्यक्रम के दौरान उन्होंने घबराहट की शिकायत की और अपने साथियों से घर ले चलने को कहा। हालांकि, रास्ते में ही वे बेहोश हो गए, जिसके बाद उन्हें मेदांता अस्पताल ले जाया गया।
डॉक्टरों का मेडिकल बुलेटिन: क्या है सेहत का हाल?
मेदांता लखनऊ के निदेशक डॉ. राकेश कपूर के अनुसार, अजय राय को बेहोशी और सीने में दर्द की शिकायत के बाद इमरजेंसी में लाया गया था। शुरुआती जांच में हार्ट अटैक की आशंका को देखते हुए 'ट्रॉप टी' और 'ट्रॉप आई' टेस्ट किए गए, जिनकी रिपोर्ट नॉर्मल आई है। डॉक्टरों ने स्पष्ट किया कि शरीर में सोडियम का स्तर कम होने के कारण उन्हें बेहोशी महसूस हुई थी। ब्रेन का सीटी स्कैन भी कराया गया है और फिलहाल वे खतरे से बाहर हैं। उन्हें क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभाग में रखा गया है और वे अब होश में हैं।
पीएम मोदी ने जताया सरोकार
अजय राय की सेहत बिगड़ने की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना की। पीएम ने लिखा, "मुझे अजय राय जी की खराब सेहत की खबर मिली है। उनके जल्द से जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।"
