google.com, pub-8818714921397710, DIRECT, f08c47fec0942fa0 Ballia News: स्वस्थ, संतुलित एवं खुशहाल जीवन का आधार- अशोक कुमार मौर्य योग प्रशिक्षक - Purvanchal samachar - पूर्वांचल समाचार

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ads

Ballia News: स्वस्थ, संतुलित एवं खुशहाल जीवन का आधार- अशोक कुमार मौर्य योग प्रशिक्षक

बलिया । अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को नगरा क्षेत्र के देवरिया गांव स्थित बाबा शिवदत...

बलिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (21 जून) के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह का शुभारंभ सोमवार को नगरा क्षेत्र के देवरिया गांव स्थित बाबा शिवदत्त बहुउद्देशीय हाल में उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं एवं बुजुर्गों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया।

Ballia News, Purvanchal Samachar
Purvanchal Samachar 

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त योगाचार्य अशोक कुमार मौर्य के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास से हुआ। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा को जोड़ने वाली एक समग्र जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास से अनेक बीमारियों से बचाव होता है, मानसिक तनाव दूर होता है तथा व्यक्ति सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण रहता है। उन्होंने सभी से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग के लिए निकालने का आग्रह किया।

आयोजक सुभाष चंद्र प्रसाद ने योग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत ने विश्व को योग के रूप में अमूल्य धरोहर प्रदान की है। आज की व्यस्त एवं तनावपूर्ण जीवनशैली में योग की प्रासंगिकता और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को स्वस्थ, अनुशासित एवं आत्मविश्वासी बनाता है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में योग को अपनाए तो समाज में स्वास्थ्य संबंधी अनेक समस्याओं का समाधान स्वतः हो सकता है। उन्होंने योग सप्ताह के दौरान अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने का आह्वान किया।

डॉ. राम गोविंद प्रजापति ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि योग एक ऐसी प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति है जो बिना किसी दुष्प्रभाव के शरीर को निरोग बनाने में सहायक है। उन्होंने बताया कि नियमित योगाभ्यास से मधुमेह, उच्च रक्तचाप, मोटापा तथा तनाव जैसी समस्याओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए योग को जन-आंदोलन का रूप देना समय की आवश्यकता है।

अवध किशोर ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और ऋषि परंपरा की अनुपम देन है। योग केवल रोगों से मुक्ति का माध्यम नहीं बल्कि जीवन में नैतिकता, संयम और सकारात्मक सोच विकसित करने का भी सशक्त साधन है। उन्होंने युवाओं से नशामुक्त एवं स्वस्थ जीवन के लिए योग अपनाने का आह्वान किया।

इस अवसर पर अमरदेव राम ,नरेश प्रजापति,तेज बहादुर प्रजापति,रामसरीखा पूर्व प्रधान,मोहन सिलाई प्रशिक्षिका रीता देवी ,रामसोच सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

इस अवसर पर गांव की महिलाओं ने विशेष उत्साह के साथ योगाभ्यास में भाग लिया। प्रतिभागियों ने नियमित योग करने तथा अपने परिवार एवं समाज के अन्य लोगों को भी योग के प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ तथा आगामी 21 जून अंतरराष्ट्रीय योग दिवस तक विभिन्न योग जागरूकता गतिविधियां आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई।