गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणामों में गाजीपुर के छात्र-छात्राओं ने अपनी...
गाजीपुर। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के परिणामों में गाजीपुर के छात्र-छात्राओं ने अपनी मेधा का लोहा मनवाया है। जिले के विद्यार्थियों द्वारा जनपद और प्रदेश स्तर पर किए गए उत्कृष्ट प्रदर्शन के उपलक्ष्य में कलेक्ट्रेट सभागार में एक भव्य 'मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह' का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिले के होनहारों को उनकी ऐतिहासिक सफलता के लिए जिला प्रशासन और जनप्रतियनिधियों द्वारा सम्मानित किया गया।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
सांसद, विधायक और बीजेपी जिलाध्यक्ष ने थपथपाई पीठ
गरिमामय समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत, जखनियां विधायक बेदी राम, भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में हाईस्कूल के शीर्ष 10 स्थानों पर काबिज 11 विद्यार्थियों और इंटरमीडिएट के टॉप-10 सूची में शामिल 20 विद्यार्थियों सहित कुल 31 मेधावियों को प्रशस्ति पत्र, मेडल और सम्मान चिह्न प्रदान किया गया। इसके साथ ही बच्चों की सफलता के सारथी बने उनके अभिभावकों और प्रधानाचार्यों को भी मंच पर सम्मानित किया गया।
खातों में भेजी गई नकद प्रोत्साहन राशि, सीएम ने भी किया सम्मानित
गौरव की बात यह रही कि गाजीपुर के दो ऐसे मेधावी छात्र रहे जिन्होंने प्रदेश स्तर की मेरिट सूची में सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया, जिन्हें खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मानित किया गया। सरकार की ओर से इन प्रदेश स्तरीय दोनों मेधावियों को एक-एक लाख रुपये तथा जनपद स्तर पर नाम रोशन करने वाले शेष छात्र-छात्राओं को 21-21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि सीधे डिजिटल माध्यम से उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की गई।
परिश्रम का कोई शॉर्टकट नहीं: डॉ. संगीता बलवंत
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा, "सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता; कठिन परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी हैं।" उन्होंने युवाओं को भविष्य में विज्ञान, तकनीक, अनुसंधान और नवाचार (Innocvation) के क्षेत्रों में आगे बढ़ने का मंत्र दिया।
वहीं जखनियां विधायक बेदी राम ने ग्रामीण क्षेत्र की प्रतिभाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस परिणाम ने साबित कर दिया है कि ग्रामीण और शहरी छात्र समान रूप से प्रतिभावान हैं। उन्होंने विशेष रूप से जखनियां क्षेत्र से आने वाले लगभग 10 छात्रों के टॉपर्स सूची में शामिल होने पर गहरी प्रसन्नता जताई। भाजपा जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश राय ने इस सफलता का श्रेय गुरुओं और माता-पिता के मार्गदर्शन को दिया।
मुख्य विकास अधिकारी ने दिए करियर टिप्स
कार्यक्रम के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उनके करियर, भविष्य के लक्ष्यों और आने वाली चुनौतियों पर विस्तृत चर्चा की और उन्हें अपनी रुचि के अनुसार आगे का रास्ता चुनने की सलाह दी। अंत में जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) ने सभी छात्र-छात्राओं को देश व समाज के हित में बेहतर कार्य करने का संकल्प दिलाया। कलेक्ट्रेट के अलावा जिले के विभिन्न स्कूलों में भी उत्सव जैसा माहौल रहा, जहां शिक्षकों और सहपाठियों ने टॉपर्स का मिठाई खिलाकर स्वागत किया।
