मऊ। नगर पालिका परिषद मऊनाथ भंजन की ओर से केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश राज्य सरकार के सफल 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य मे...
मऊ। नगर पालिका परिषद मऊनाथ भंजन की ओर से केंद्र सरकार के ऐतिहासिक 12 वर्ष और उत्तर प्रदेश राज्य सरकार के सफल 9 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में एक भव्य जन चौपाल एवं जनसंवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम के माध्यम से नगर पालिका प्रशासन ने सीधे आम जनता से संवाद स्थापित किया और उन्हें केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न लोक-कल्याणकारी एवं महत्वाकांक्षी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
अधिशासी अधिकारी (EO) डॉ. मणि भूषण तिवारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा बताते हुए कहा कि यह पूरा आयोजन शासन की "जन समाधान" की मूल अवधारणा पर आधारित था। इसके तहत मऊनाथ भंजन के वार्ड नंबर-1, गालिबपुर में एक विशाल मेले का रूप देकर इस जन चौपाल को आयोजित किया गया, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा सके और मौके पर ही उनकी समस्याओं का निस्तारण हो सके।
पीएम आवास के लाभार्थियों को मिलीं चाबियां, स्वनिधि में पंजीकरण
इस "लोक कल्याण मेले" में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्रामीण व शहरी क्षेत्र के 20 नए पथ विक्रेताओं (पटरी दुकानदारों) का मौके पर ही पंजीकरण सुनिश्चित किया गया, ताकि उन्हें व्यवसाय के लिए आर्थिक सहायता मिल सके। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत दो चुनिंदा पात्र लाभार्थियों को उनके सपनों के आशियाने की चाबियां और भारत सरकार की ओर से प्राप्त आधिकारिक परिचय बोर्ड ससम्मान वितरित किए गए।
स्वच्छ भारत मिशन: ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर बांटे डस्टबिन
कार्यक्रम में नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प को दोहराते हुए स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत नए 'ठोस अपशिष्ट प्रबंधन अधिनियम-2026' के कड़े दिशा-निर्देशों के बारे में उपस्थित जनता को विस्तार से समझाया गया। अधिशासी अधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों से निकलने वाले गीले, सूखे और खतरनाक कचरे को अलग-अलग रखें। कचरा संग्रहण और पृथक्करण (सेग्रीगेशन) की इस आदत को बढ़ावा देने के लिए नगर पालिका द्वारा मौके पर नागरिकों को चार अलग-अलग श्रेणियों (रंगों) के डस्टबिन भी मुफ्त वितरित किए गए।
इस महत्वपूर्ण जन चौपाल के अवसर पर अधिशासी अधिकारी डॉ. मणि भूषण तिवारी के साथ राजस्व निरीक्षक बलराम पाण्डेय, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक सत्य प्रकाश, राजीव कुमार शुक्ला और डूडा-मऊ से परियोजना अधिकारी मोहम्मद रिजवान सहित नगर पालिका के तमाम मुख्य अधिकारी, कर्मचारी और वार्ड के गणमान्य नागरिक व सैकड़ों की संख्या में स्थानीय लाभार्थी उपस्थित रहे।
