google.com, pub-8818714921397710, DIRECT, f08c47fec0942fa0 वाराणसी: 11 मुकदमों का आरोपी समीर उर्फ सिंगर साथी नौशाद के साथ गिरफ्तार, भेजे गए जेल - Purvanchal samachar - पूर्वांचल समाचार

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ads

वाराणसी: 11 मुकदमों का आरोपी समीर उर्फ सिंगर साथी नौशाद के साथ गिरफ्तार, भेजे गए जेल

वाराणसी। आदमपुर थाने की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हास...

वाराणसी। आदमपुर थाने की पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के मामले में लंबे समय से वांछित चल रहे दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर करसड़ा बछाव (रोहनिया) क्षेत्र में घेराबंदी कर समीर उर्फ अहमद अली उर्फ बाबू उर्फ सिंगर (35) और उसके साथी नौशाद (58) को धर दबोचा। गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपी आदमपुर थाना क्षेत्र के बुनकर कॉलोनी के रहने वाले हैं।

Varanasi News, Purvanchal Samachar
Purvanchal Samachar 

थाना प्रभारी विमल मिश्रा ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज था और पुलिस काफी समय से इनकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, करीब तीन महीने पहले इन दोनों ने अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर मिर्जापुर जिले के अदलहाट निवासी एक सराफा व्यापारी को अपना निशाना बनाया था। शातिरों ने व्यापारी के बैग से बड़ी सफाई से 400 ग्राम कच्चा सोना और चांदी चोरी कर ली थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद से ही दोनों लगातार फरार चल रहे थे और अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहे थे।

पकड़े गए आरोपियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। पुलिस के मुताबिक, समीर उर्फ बाबू एक आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ वाराणसी के आदमपुर, लंका, सिगरा, मंडुआडीह, शिवपुर, चेतगंज, रोहनिया और कपसेठी समेत विभिन्न थानों में चोरी, लूट और गैंगस्टर जैसी संगीन धाराओं में 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। इसके साथ ही दूसरे आरोपी नौशाद के खिलाफ भी पूर्व से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों शातिरों के विरुद्ध गैंगस्टर एक्ट के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत के आदेश पर दोनों को जेल भेज दिया गया है।