वाराणसी। भेलूपुर थाने की पुलिस ने धार्मिक नगरी काशी के शंकराचार्य घाट स्थित स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के श्रीविद्या मठ परिसर में मौजूद श्री ह...
वाराणसी। भेलूपुर थाने की पुलिस ने धार्मिक नगरी काशी के शंकराचार्य घाट स्थित स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद के श्रीविद्या मठ परिसर में मौजूद श्री हनुमान मंदिर में हुई चोरी की घटना का त्वरित और सफल खुलासा किया है। पुलिस टीम ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य चोर समेत चोरी का सामान खरीदने वाले दो अन्य आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने पकड़े गए अभियुक्तों के पास से मंदिर से चुराया गया पीतल का लोटा, चांदी के मुकुट, आभूषण व अन्य धार्मिक सामग्रियों सहित 1500 रुपये की नकदी भी बरामद की है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पूर्व श्री हनुमान मंदिर से भगवान के गले का चांदी का हार, पीतल का लोटा और आचमनी पात्र समेत कई कीमती धार्मिक सामान चोरी होने के संबंध में भेलूपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया था। मामले की तफ्तीश में जुटी पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर जाल बिछाकर करसड़ा बछाव मार्ग और रत्नाकर पार्क के पास से मुख्य आरोपित राजू खान (27) को धर दबोचा, जो साकेत नगर (नारिया, थाना लंका) का निवासी है। कड़ाई से पूछताछ करने पर राजू ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
मुख्य आरोपी राजू खान की निशानदेही पर भेलूपुर पुलिस ने चोरी की गई चांदी और धार्मिक सामग्री को बेहद कम दामों में खरीदने के आरोप में दो स्वर्ण व्यवसायियों को भी नामजद करते हुए गिरफ्तार किया। पकड़े गए इन खरीदारों की पहचान ध्रुव कुमार वर्मा (46) निवासी रानीपुर (महमूरगंज) और संतोष वर्मा (53) निवासी सराय नंदन (दशमी) के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों की संयुक्त निशानदेही पर एक पीतल का लोटा, सफेद धातु (चांदी) का टूटा हुआ गदा का ऊपरी हिस्सा, तीन अदद मुकुट, एक चेन, सफेद धातु का एक टुकड़ा और चोरी के माल से बचे ₹1500 नकद बरामद करने में सफलता पाई है।
पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, मुख्य अभियुक्त राजू खान एक शातिर और आदतन चोर है, जिसके खिलाफ पहले भी वर्ष 2021 में चोरी और चोरी का माल बरामद होने के संबंध में लंका थाने में मुकदमा दर्ज हो चुका है। वहीं, ध्रुव कुमार वर्मा और संतोष वर्मा के खिलाफ चोरी का माल खपाने और अपराधियों को संरक्षण देने की धाराओं में कार्रवाई की गई है। इस पूरी कामयाब कार्रवाई को भेलूपुर प्रभारी निरीक्षक दुर्गा सिंह के कुशल नेतृत्व में चौकी प्रभारी अस्सी नवीन कुमार चतुर्वेदी और चौकी प्रभारी रेवड़ीतालाब शिवम श्रीवास्तव की पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस ने तीनों आरोपियों का चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
