google.com, pub-8818714921397710, DIRECT, f08c47fec0942fa0 नई जिम्मेदारी के साथ युवाओं के प्रति बढ़ी जवाबदेही, रीजनल डायरेक्टर नियुक्त होने पर कपिल देव राम का ऐतिहासिक अभिनंदन - Purvanchal samachar - पूर्वांचल समाचार

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ads

नई जिम्मेदारी के साथ युवाओं के प्रति बढ़ी जवाबदेही, रीजनल डायरेक्टर नियुक्त होने पर कपिल देव राम का ऐतिहासिक अभिनंदन

Ghazipur News: केन्द्र सरकार के 'मेरा युवा भारत' (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) संगठन में प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा ...

Ghazipur News: केन्द्र सरकार के 'मेरा युवा भारत' (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) संगठन में प्रशासनिक स्तर पर एक बड़ा और महत्वपूर्ण फेरबदल हुआ है। गाजीपुर जनपद में अपनी विशिष्ट कार्यशैली से पहचान बनाने वाले तत्कालीन उपनिदेशक कपिल देव राम को प्रोन्नति देते हुए बिहार प्रदेश का राज्य निदेशक (State Director) और सेंट्रल जोन (उत्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश) का रीजनल डायरेक्टर नियुक्त किया गया है। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि के उपलक्ष्य में रविवार को गाजीपुर के विकास भवन सभागार में जनपद के युवाओं, प्रशासनिक अधिकारियों और गणमान्य नागरिकों द्वारा एक भव्य सम्मान एवं अभिनंदन समारोह का आयोजन किया गया।

Ghazipur News, Purvanchal Samachar
Purvanchal Samachar 

गाजीपुर मेरा कार्यस्थल नहीं, एक परिवार है: कपिल देव राम

समारोह में उपस्थित अपार जनसमुदाय और युवाओं के स्नेह से भावुक हुए नवनियुक्त रीजनल डायरेक्टर कपिल देव राम ने अपने संबोधन में कहा कि गाजीपुर उनके लिए केवल एक शासकीय कार्यस्थल नहीं, बल्कि एक आत्मीय परिवार की तरह है। यहाँ के युवाओं का विश्वास और सहयोग ही उनकी प्रशासनिक यात्रा की सबसे बड़ी पूंजी है।

उन्होंने अपने सफल कार्यकाल का पूरा श्रेय टीम भावना, स्वयंसेवकों और जनपद की युवा शक्ति को देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी सरकारी या सामाजिक संस्था की सफलता केवल सामूहिक प्रयास, कार्य में पूर्ण पारदर्शिता और सेवा भावना से ही संभव हो पाती है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि नई जिम्मेदारी के साथ वे बिहार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के युवाओं को राष्ट्र निर्माण, कौशल विकास और नेतृत्व क्षमता से जोड़ने के लिए पूरी ईमानदारी और निष्ठा से काम करते रहेंगे।


वक्ताओं ने सराहा प्रशासनिक कौशल और पारदर्शिता

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ 'मेरा युवा भारत' गाजीपुर के लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक सुभाष चंद्र प्रसाद के स्वागत भाषण से हुआ। उन्होंने कहा कि कपिल देव राम ने अपने पूरे कार्यकाल में निष्पक्षता और समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। वहीं, जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने रचनात्मक गतिविधियों में गाजीपुर के युवाओं की अग्रणी भूमिका को रेखांकित किया।

समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ विचारक सरोज कुमार राय ने कहा कि कपिल देव राम ने केवल पद की औपचारिक जिम्मेदारी नहीं निभाई, बल्कि अपनी ईमानदारी और बेदाग नेतृत्व क्षमता से उस पद की गरिमा को एक नई ऊंचाई दी है। आरसेटी (RSETI) के पूर्व निदेशक विनोद शर्मा ने भी उनके कार्यकाल में हुए नवाचारों और अनुशासित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की सराहना की।


सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच गणमान्य नागरिकों ने दी शुभकामनाएं

इस विदाई सह अभिनंदन समारोह को प्रसिद्ध लोकगायक सूबेदार स्नेही, राजन पंडित और जावेद खान ने अपने स्वागत गीतों के जरिए सांस्कृतिक और साहित्यिक गरिमा प्रदान की। कार्यक्रम का बेहद प्रभावी संचालन अंगद सिंह यादव ने किया, जबकि समापन पर लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक नवीन सिंह ने आए हुए सभी अतिथियों और जनसमुदाय का आभार प्रकट किया।

समारोह में मुख्य रूप से बाल कल्याण समिति के पूर्व अध्यक्ष कमरुद्दीन, राघवेंद्र कुशवाहा, पूर्व प्रधान हरेंद्र कुशवाहा, पंकज सिंह टाइगर, पूर्व प्रधान संघ अध्यक्ष पंकज सिंह यादव, भाजपा जिला मंत्री सुमन बिंद, नन्हे सिंह बासूचक, कमलेश प्रकाश सिंह, साहित्य चेतना समाज के अमरनाथ तिवारी, एनवाईवी चयन समिति के सदस्य रमेश सिंह चौहान, पारसनाथ यादव, विजय बहादुर, राजकुमार पांडे और गुप्तेश्वर सहित सैकड़ों की संख्या में युवा और प्रबुद्ध वर्ग के लोग उपस्थित रहे।