मऊ। जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन की ...
मऊ। जनपद के मोहम्मदाबाद गोहना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया, जिसमें तेज रफ्तार अज्ञात चार पहिया वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना मड़ैया पेट्रोल पंप के समीप हुई, जहां जोरदार टक्कर मारने के बाद अज्ञात चालक वाहन सहित मौके से भागने में सफल रहा। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को फौरन नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, घायलों की पहचान बीबीपुर गांव निवासी प्रमोद कुमार (30 वर्ष), उनकी भाभी रीना देवी (40 वर्ष) और रीना की पुत्री अंशु (22 वर्ष) के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, प्रमोद कुमार अपनी भाभी और भतीजी को बाइक पर बैठाकर आवश्यक दवा लेने के लिए कोइरियापार जा रहे थे।
पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा, बाइक क्षतिग्रस्त प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक सवार जैसे ही मोहम्मदाबाद गोहना क्षेत्र स्थित मड़ैया पेट्रोल पंप के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार अनियंत्रित चार पहिया वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि तीनों सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से चोटिल हो गए, जबकि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए फरार अज्ञात वाहन और चालक की तलाश तेज कर दी है।
