गाजीपुर: जनपद गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चोचकपुर स्थित प्रसिद्ध मौनी बाबा गंगा घाट पर मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। म...
गाजीपुर: जनपद गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र अंतर्गत चोचकपुर स्थित प्रसिद्ध मौनी बाबा गंगा घाट पर मंगलवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया। मंदिर में दर्शन-पूजन के उपरांत गंगा नदी में पैर धोते समय दो सगी बहनें तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी में डूब गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस-प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और स्थानीय गोताखोरों की मदद से दोनों बहनों की तलाश के लिए व्यापक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया है।
मंदिर दर्शन के बाद पैर धोते समय फिसला पैर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बसंतपट्टी गांव निवासी मदनसेन सिंह की बेटियां हाल ही में परिवार के साथ दिल्ली से अपने पैतृक गांव आई हुई थीं। मंगलवार को उनकी दो बेटियां—माही सिंह (16 वर्ष) और महिमा सिंह (14 वर्ष)—घर पर बताकर चोचकपुर स्थित मौनी बाबा मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए गई थीं।
पूजा-अर्चना संपन्न करने के बाद दोनों बहनें घाट की सीढ़ियों पर गंगा जल से पैर धोने के लिए उतरीं। इसी दौरान अचानक छोटी बहन महिमा का पैर फिसल गया और वह अनियंत्रित होकर गहरे पानी में चली गई।
छोटी बहन को बचाने कूदी बड़ी बहन भी बहाव में समाई
महिमा को नदी के तेज बहाव में बहता देख बड़ी बहन माही सिंह ने बिना अपनी जान की परवाह किए उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। हालांकि, गंगा की तेज धारा और अधिक गहराई होने के कारण माही भी खुद को संभाल नहीं सकी और दोनों बहनें देखते ही देखते गहरे पानी में ओझल हो गईं।
प्रशासन और गोताखोरों की टीम रेस्क्यू में जुटी, परिजनों में कोहराम
घाट पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण और नाविक मौके पर दौड़े। सूचना मिलते ही करंडा थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और नावों की सहायता से नदी में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक दोनों बहनों का कोई सुराग नहीं लग सका था। इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में शोक की लहर है।
