अंबेडकरनगर: जनपद अंबेडकरनगर की जलालपुर तहसील क्षेत्र स्थित एक निजी मैरिज हॉल में शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का विशाल कार्यकर्ता सम...
अंबेडकरनगर: जनपद अंबेडकरनगर की जलालपुर तहसील क्षेत्र स्थित एक निजी मैरिज हॉल में शुक्रवार को बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की रणनीतिक तैयारियों, संगठन की मजबूती और बूथ स्तर तक कैडर को सक्रिय करने पर विस्तृत मंथन हुआ। इस दौरान अयोध्या मंडल प्रभारी दयाराम राजभर को जलालपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी का अधिकृत प्रत्याशी घोषित किए जाने की औपचारिक जानकारी साझा की गई, जिस पर कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत किया।
"2027 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने का लक्ष्य": विश्वनाथ पाल
सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए बसपा प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल ने चुनावी शंखनाद करते हुए कहा कि पार्टी 2027 में पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने के स्पष्ट संकल्प के साथ मैदान में उतर रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वे गांव-गांव और घर-घर जाकर बसपा सुप्रीमो मायावती के शासनकाल की जनहितकारी नीतियों और उपलब्धियों से आम जनता को अवगत कराएं।
प्रदेश अध्यक्ष ने अंबेडकरनगर जनपद के गठन से लेकर विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि बसपा ने हमेशा सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर काम किया है।
सपा और भाजपा पर साधा निशाना, जिले की पांचों सीटें जीतने का दावा
विश्वनाथ पाल ने भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी दोनों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि दोनों दल जनता को बुनियादी मुद्दों से भटकाने की राजनीति कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि 2027 के चुनाव में प्रदेश की जनता सपा और भाजपा को सिरे से नकारकर बसपा पर भरोसा जताएगी। उन्होंने अंबेडकरनगर जिले की सभी पांचों विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करने का लक्ष्य कार्यकर्ताओं के समक्ष रखा।
सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व एमएलसी दिनेश चंद्रा ने की और मंच संचालन जिलाध्यक्ष सुनील सावंत गौतम ने किया। इस दौरान दिलीप विमल, समीर चौधरी, मनोज वर्मा, मोहम्मद असद, केडी गौतम सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
