लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की विभाजनकारी और आंदोलनकारी राजनीति पर सीधा प्रहार किया है। स...
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की विभाजनकारी और आंदोलनकारी राजनीति पर सीधा प्रहार किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी अपने कड़े बयान में मुख्यमंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश की युवाशक्ति भारत का सुनहरा भविष्य संवारने के लिए समर्पित है, किसी राजनीतिक दल या नेता की सत्ता की निजी भूख मिटाने का जरिया नहीं बन सकती। उन्होंने दो टूक कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शासन और सत्ता का रास्ता केवल जनता के जनादेश से तय होता है, सड़कों पर अराजकता फैलाने से नहीं।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
"अस्थिरता फैलाने वालों के षड्यंत्र से नहीं हिलेगा लोकतंत्र का वटवृक्ष": मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों की नीयत पर कड़ा सवाल उठाते हुए कहा कि कुछ दल चुनाव सुधार का मुखौटा पहनकर, न्याय का खोखला नारा देकर और लोकतंत्र की झूठी दुहाई देकर देश में अस्थिरता के बीज बोने का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में लिखा कि ऐसे तत्वों को भली-भांति समझ लेना चाहिए कि भारत का लोकतंत्र जन-विश्वास की गहरी जड़ों पर टिका एक विशाल वटवृक्ष है। इसे राजनीतिक षड्यंत्रों और अराजकता के अंधड़ कभी हिला नहीं सकते। भारतीय जनता पार्टी की सरकार देश के लोकतांत्रिक मूल्यों और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
युवाओं को मोहरा बनाने की कोशिशों पर साधा कड़ा निशाना
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे सही दिशा देना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विपक्ष हताशा में युवाओं को बरगलाकर देश के विकास की गति को बाधित करना चाहता है।
मुख्यमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब हाल के दिनों में विपक्षी दलों द्वारा चुनावी प्रक्रियाओं और संवैधानिक संस्थाओं पर लगातार सवाल खड़े किए जा रहे हैं।
