केवड़िया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) स्थित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी'...
केवड़िया: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को गुजरात के एकता नगर (केवड़िया) स्थित विश्व की सबसे ऊंची प्रतिमा 'स्टैच्यू ऑफ यूनिटी' पर देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 151वीं जयंती के पावन अवसर पर भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। 'राष्ट्रीय एकता दिवस' समारोह में सम्मिलित होने पहुंचे प्रधानमंत्री ने सरदार पटेल की विशालकाय प्रतिमा का विधिवत जलाभिषेक किया और पुष्प अर्पित कर राष्ट्र की एकता और अखंडता के सूत्रधार को नमन किया। इस ऐतिहासिक अवसर पर प्रधानमंत्री ने एकता नगर के चहुंमुखी विकास के लिए 400 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
एकता नगर में 400 करोड़ से अधिक की विकास योजनाओं की शुरुआत
प्रधानमंत्री ने एकता नगर को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से ₹400 करोड़ से अधिक लागत वाली नागरिक एवं पर्यटन सुविधाओं का उद्घाटन किया।
इन परियोजनाओं में अत्याधुनिक सीवेज और जल शोधन संयंत्र (एसटीपी), उन्नत प्रकाश व्यवस्था (स्मार्ट लाइटिंग), नर्मदा घाटों का समग्र सौंदर्यीकरण व विकास, आधुनिक आईआरसीटीसी (IRCTC) होटल तथा पर्यटकों के आकर्षण के लिए रेनफॉरेस्ट, यूनिटी व इको ट्रेल शामिल हैं। लोकार्पण समारोह के उपरांत प्रधानमंत्री मोदी ने नवनिर्मित रेन फॉरेस्ट और वामन वृक्ष वाटिका (बोनसाई गार्डन) का स्थलीय दौरा कर वहां की व्यवस्थाओं और प्राकृतिक छटा का अवलोकन किया।
"सशक्त और समर्थ भारत के लिए समर्पित था जीवन": सोशल मीडिया पर पीएम का नमन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर सरदार पटेल के विराट योगदान को याद करते हुए एक विशेष श्रद्धांजलि संदेश साझा किया।
प्रधानमंत्री ने लिखा, "अखंड भारत के प्रणेता देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन। उन्होंने एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित कर दिया। मां भारती की सेवा में उनका त्याग और समर्पण आज 'विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत' के निर्माण के संकल्प के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है।"
