वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचकोशी मार्ग स्थित पैगंबरपुर इलाके में गुरुवार शाम भीषण पटाखा विस्फोट से जोरदार हा...
वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी के सारनाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत पंचकोशी मार्ग स्थित पैगंबरपुर इलाके में गुरुवार शाम भीषण पटाखा विस्फोट से जोरदार हादसा हो गया। घनी आबादी के बीच स्थित एक दो मंजिला मकान में अवैध रूप से रखे पटाखों में हुए भीषण धमाके से मकान का अगला आधा हिस्सा ताश के पत्तों की तरह ढह गया। विस्फोट इतना तीव्र था कि आसपास का पूरा इलाका दहल उठा और पास का एक अन्य मकान भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चीख-पुकार मचते ही स्थानीय नागरिकों, पुलिस, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
भूकंप जैसे झटके से थर्राया इलाका, पिछले हिस्से में होने से बची जान
हादसा गुरुवार शाम करीब 4:30 बजे घनी आबादी वाले पैगंबरपुर में हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उन्हें लगा जैसे तीव्र भूकंप आ गया हो।
यह मकान राजू खान नामक व्यक्ति का बताया जा रहा है। विस्फोट के समय परिवार के सदस्य संयोगवश मकान के पिछले हिस्से में मौजूद थे, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान होने से टल गया। धमाके की गूंज सुनते ही दौड़े स्थानीय पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए मलबे और धुएं के बीच से राजू खान की पत्नी चांदनी (39), बेटे आदिल (16) और 10 वर्षीय बेटी अरबिया को सुरक्षित बाहर निकाला। तीनों को मामूली चोटें आई हैं और उन्हें उपचार हेतु मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा में भर्ती कराया गया है।
अवैध रूप से चल रहा था पटाखा कारोबार, एनडीआरएफ व पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, अग्निशमन दल के साथ-साथ एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की राहत टीमें मौके पर पहुंचीं और मलबे की सघन तलाशी शुरू की।
स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि रिहायशी बस्ती में बिना किसी वैध लाइसेंस के बड़े पैमाने पर पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने का अवैध काम धड़ल्ले से चल रहा था। पड़ोसियों का यह भी दावा है कि उन्होंने पूर्व में भी इस अवैध पटाखा फैक्ट्री की शिकायत स्थानीय पुलिस से की थी। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की विस्तृत फोरेंसिक जांच कराई जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
