मऊ। जनपद के विकास भवन में शनिवार को उस वक्त गहमागहमी बढ़ गई, जब दर्जनों की संख्या में ग्राम प्रधानों ने एकजुट होकर ग्राम पंचायत अधिकारी (सचि...
मऊ। जनपद के विकास भवन में शनिवार को उस वक्त गहमागहमी बढ़ गई, जब दर्जनों की संख्या में ग्राम प्रधानों ने एकजुट होकर ग्राम पंचायत अधिकारी (सचिव) आशीष कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक के विभिन्न गांवों से आए प्रधानों ने सचिव की कार्यशैली और व्यवहार पर गंभीर सवाल उठाते हुए जमकर नारेबाजी की। इस संबंध में आक्रोशित प्रधानों ने मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को शिकायती पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
अभद्रता और धन के दुरुपयोग का मामला
विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सैदपुर गांव के प्रधान शंकर बनवासी ने सचिव पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि जब उन्होंने अपनी ग्राम सभा के 20 हजार रुपये के व्यय के बारे में जानकारी मांगी, तो सचिव आशीष कुमार ने न केवल जानकारी देने से मना किया, बल्कि उनके साथ जातिसूचक और अभद्र शब्दों का प्रयोग कर उन्हें वहां से भगा दिया। प्रधान बनवासी ने कहा कि सचिव के इस अपमानजनक व्यवहार से वे मानसिक रूप से आहत हैं।
छह पंचायतों के प्रधान असंतुष्ट, ट्रांसफर की मांग
शिकायतकर्ताओं के अनुसार, सचिव आशीष कुमार के क्लस्टर में सैदपुर समेत तुलसीपुर कुढ़ंता, क्यामपुर, जमालपुर नगरीपार और भाटपारा जैसी छह महत्वपूर्ण ग्राम पंचायतें शामिल हैं। इन सभी पंचायतों के प्रधान सचिव की मनमानी और 'तानाशाही' रवैये से त्रस्त हैं। प्रधान संघ ने चेतावनी दी है कि यदि सचिव के खिलाफ कानूनी कार्रवाई नहीं हुई और उन्हें मुहम्मदाबाद गोहना ब्लॉक से बाहर नहीं भेजा गया, तो आंदोलन और उग्र होगा।
