Mau News: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में राज्यकर विभाग (State Tax Department) की जांच में जीएसटी चोरी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। कबाड़...
![]() |
| Purvanchal Samachar |
हलधरपुर में 'हवा' में चल रही थी फैक्ट्री
पूरा मामला हलधरपुर थाना क्षेत्र के मानिकपुर भदांव का है। यहाँ पंजाब के संगरूर निवासी चरनजीत सिंह ने 2019 में 'श्रीरामजी ट्रेडर्स' के नाम से जीएसटी रजिस्ट्रेशन कराया था। कागजों में दावा किया गया कि यहाँ कबाड़ पिघलाने की फैक्ट्री संचालित है। लेकिन जांच में सामने आया कि यह महज टैक्स क्रेडिट का लाभ उठाने के लिए बनाई गई एक शेल कंपनी (फर्जी फर्म) थी।
करोड़ों का टर्नओवर और टैक्स क्रेडिट का खेल
जांच रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2019-20 में इस फर्म ने करीब 2.93 करोड़ रुपये की फर्जी बिक्री दिखाई। इस कागजी खेल के जरिए 52 लाख रुपये से अधिक का टैक्स क्रेडिट अन्य फर्मों को ट्रांसफर कर दिया गया, जिससे सरकार को सीधे तौर पर 37.57 लाख रुपये की जीएसटी चोरी का नुकसान हुआ।
विभागीय मिलीभगत की भी होगी जांच
अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) अनूप कुमार ने बताया कि कमिश्नर की जांच रिपोर्ट के आधार पर हलधरपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि इस फर्जी फर्म को जीएसटी रजिस्ट्रेशन देने में विभाग के किन अधिकारियों या कर्मचारियों ने लापरवाही बरती या साथ दिया।
अब तक की कार्रवाई:
- आरोपी चरनजीत सिंह के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज।
- राज्यकर विभाग और पुलिस की संयुक्त विवेचना शुरू।
- फर्जी तरीके से लाभ लेने वाली अन्य जुड़ी हुई फर्मों की तलाश जारी।
