मऊ। जनपद में सड़क सुरक्षा और अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया है। पुलिस अधीक्षक इलामारन जी के कड़े रुख क...
मऊ। जनपद में सड़क सुरक्षा और अवैध परिवहन के खिलाफ पुलिस ने अब तक का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन चलाया है। पुलिस अधीक्षक इलामारन जी के कड़े रुख के बाद जिले के 12 थाना क्षेत्रों में एक साथ छापेमारी की गई। बीते 12 घंटों के भीतर चली इस ताबड़तोड़ कार्रवाई में जहां 22 अवैध बसों को सीज कर दिया गया, वहीं नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले 564 वाहनों का चालान कर परिवहन माफियाओं में हड़कंप मचा दिया गया।
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य अवैध रूप से संचालित डग्गामार बसें और डग्गामार वाहन थे, जो न केवल राजस्व को चूना लगा रहे थे बल्कि आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं का सबब भी बन रहे थे। अभियान के दौरान घोसी और मधुबन क्षेत्रों में सबसे कड़ा प्रहार किया गया, जहाँ से सर्वाधिक अवैध वाहन पकड़ में आए।
एसपी इलामारन जी ने स्पष्ट किया कि सड़कों पर अवैध रूप से दौड़ने वाले वाहनों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सीज की गई 22 बसें बिना वैध परमिट और मानकों के विपरीत सड़कों पर सवारियां ढो रही थीं। पुलिस की इस सक्रियता से कई डग्गामार वाहन चालक रास्ते से ही वाहन लेकर फरार हो गए।
