वाराणसी। धर्मनगरी के रोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खुशीपुर गांव में बुधवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक होनहार छात्र का शव कमरे में फंदे ...
वाराणसी। धर्मनगरी के रोहनिया थाना क्षेत्र अंतर्गत खुशीपुर गांव में बुधवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक होनहार छात्र का शव कमरे में फंदे से लटकता मिला। एसएमएस कॉलेज में बीकॉम प्रथम वर्ष का छात्र अश्वित सिंह (19) किराए के कमरे में मृत पाया गया। सूचना पर पहुँची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को कब्जे में लिया और फॉरेंसिक जांच के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल, इस आत्मघाती कदम के पीछे की वजह रहस्य बनी हुई है।
सोनभद्र का रहने वाला था छात्र, शादी से लौटा था वापस
मूल रूप से सोनभद्र के दुद्धी थाना क्षेत्र निवासी सत्येंद्र सिंह का पुत्र अश्वित सिंह खुशीपुर में गुड्डन श्रीवास्तव के मकान में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, वह 9 फरवरी को शाहंशापुर में एक शादी समारोह में शामिल होने गया था और वहां से लौटने के बाद सामान्य दिख रहा था। बुधवार शाम जब काफी देर तक उसके कमरे का दरवाजा नहीं खुला, तो मकान मालकिन पूनम श्रीवास्तव को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पुलिस को सूचित किया।
जांच में जुटी फॉरेंसिक टीम, रहस्य बना कारण
एसीएपी संजीव शर्मा के नेतृत्व में रोहनिया पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुँचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे गुत्थी और उलझ गई है। अश्वित के चाचा अनुपम सिंह और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है; उनका कहना है कि अश्वित स्वभाव से सरल था और आत्महत्या जैसी बात सोच भी नहीं सकते थे।
