मऊ (ब्यूरो)। जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भदसा बाइपास पर बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दबंगों ने बीच सड़क पर गाजीपुर डिपो की ...
मऊ (ब्यूरो)। जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत भदसा बाइपास पर बुधवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब दबंगों ने बीच सड़क पर गाजीपुर डिपो की रोडवेज बस के चालक और कंडक्टर को बेरहमी से पीट दिया। घटना के दौरान फोरलेन पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। यात्रियों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
ईंट लेकर बस के सामने आया हमलावर
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब आठ बजे गाजीपुर रोडवेज की बस यात्रियों को लेकर गोरखपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस भदसा बाइपास फोरलेन पर पहुँची, एक युवक हाथ में ईंट लेकर बस के आगे खड़ा हो गया। चालक ने जैसे ही बस रोकी, युवक ने ट्रेलर में टक्कर मारने का मनगढ़ंत आरोप लगाते हुए चालक को बस से खींच लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
बीच-बचाव करने आए कंडक्टर को भी नहीं बख्शा
विवाद बढ़ता देख जब बस कंडक्टर अपने साथी को बचाने पहुँचा, तो आरोपी के समर्थन में ट्रेलर चालक भी वहां आ गया। दोनों ने मिलकर चालक और कंडक्टर पर हमला बोल दिया। यात्रियों की भीड़ ने जब विरोध किया और बीच-बचाव शुरू किया, तब जाकर मामला शांत हुआ। इस दौरान कुछ सजग यात्रियों ने हमलावरों की बाइक का नंबर अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया है।
कार्यक्षेत्र के चक्कर में उलझी पुलिस?
मारपीट के बाद पीड़ित रोडवेज कर्मी बस लेकर सीधे घोसी कोतवाली पहुँचे। हालांकि, घोसी पुलिस ने घटना को कोपागंज थाना क्षेत्र का बताते हुए पल्ला झाड़ लिया और उन्हें संबंधित थाने में शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी। फिलहाल चालक ने कोपागंज पुलिस को तहरीर दी है और पुलिस बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।
