वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में पीड़ितों और व्यापारियों से मिलने के समाजवादी पार्टी (सपा) के ऐलान के बाद शनिवार को वाराणसी छावनी में तब्दील नज...
वाराणसी। दालमंडी क्षेत्र में पीड़ितों और व्यापारियों से मिलने के समाजवादी पार्टी (सपा) के ऐलान के बाद शनिवार को वाराणसी छावनी में तब्दील नजर आया। प्रशासन ने कड़ा रुख अख्तियार करते हुए सुबह 7 बजे से ही सपा के दिग्गज नेताओं और कार्यकर्ताओं की घेराबंदी शुरू कर दी। पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल से लेकर कई कद्दावर नेताओं को उनके आवास पर ही 'हाउस अरेस्ट' कर लिया गया, जिससे जिले का राजनैतिक पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
घरों में कैद हुए नेता, पूजा यादव को पुलिस ने थाने में बैठाया
सपा की पूर्व विधायक प्रत्याशी पूजा यादव जब दालमंडी की ओर बढ़ रही थीं, तब चौक पुलिस ने उन्हें मोड़ पर ही रोक लिया और हिरासत में लेकर थाने ले आई। वहीं, सपा नेता समद अंसारी को भी उनके घर से बाहर निकलने नहीं दिया गया। अर्दली बाजार स्थित पार्टी कार्यालय पर जिला अध्यक्ष सुजीत यादव को पुलिस अभिरक्षा में रखा गया है। पूर्व राज्य मंत्री सुरेंद्र सिंह पटेल के बीरभानपुर स्थित आवास पर राजातालाब थाना प्रभारी ने फोर्स के साथ पहुंचकर उन्हें नजरबंद कर दिया।
अखिलेश यादव तक पहुंचेगी रिपोर्ट: लालबिहारी यादव का मिशन
प्रशासनिक पाबंदियों के बीच, नेता प्रतिपक्ष (विधान परिषद) लालबिहारी यादव के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार दोपहर 2:00 बजे सर्किट हाउस से दालमंडी के लिए कूच करेगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह दल वहां के दुकानदारों और व्यापारियों की समस्याओं को सुनकर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगा, जिसे सीधे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंपा जाएगा।
विपक्ष का पलटवार: 'लोकतंत्र की हत्या' का आरोप
नजरबंद किए गए नेता समद अंसारी ने प्रशासन की इस कार्रवाई को 'लोकतंत्र की हत्या' करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्षी आवाजों को कुचलने के लिए पुलिस का सहारा ले रही है, लेकिन सपा पीड़ितों के साथ खड़ी रहेगी।
