गाजीपुर (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के दूसरे दिन रविवार को जनपद के परीक्षा केंद्रों पर भारी सुरक्षा ...
गाजीपुर (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश पुलिस सब-इंस्पेक्टर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 के दूसरे दिन रविवार को जनपद के परीक्षा केंद्रों पर भारी सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक मुस्तैदी देखने को मिली। परीक्षा की शुचिता परखने के लिए वाराणसी परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्णा और गाजीपुर के एसपी डॉ. ईराज राजा खुद धरातल पर उतरे। आला अधिकारियों ने शहीद स्मारक इंटर कॉलेज (नंदगंज) और पीजी कॉलेज गाजीपुर समेत कई केंद्रों का औचक निरीक्षण कर सुरक्षा चक्रव्यूह का जायजा लिया।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
सीसीटीवी की पैनी नजर और सादी वर्दी में तैनात टीमें
निरीक्षण के दौरान डीआईजी वैभव कृष्णा ने प्रवेश द्वारों पर हो रही चेकिंग, सीसीटीवी कैमरों की कवरेज और केंद्रों के भीतर तैनात पुलिस बल की मुस्तैदी को बारीकी से परखा। अधिकारियों ने केंद्र व्यवस्थापकों को दो-टूक निर्देश दिए कि परीक्षा में पारदर्शिता से रत्ती भर भी समझौता नहीं होना चाहिए। संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए स्वाट और सर्विलांस टीमों के साथ-साथ पुलिस के 'खबरी' भी सादी वर्दी में केंद्रों के आसपास सक्रिय दिखे।
यातायात के खास इंतजाम और प्रशासन की अपील
एसपी गाजीपुर ने बताया कि परीक्षा के कारण बस स्टैंडों और रेलवे स्टेशनों पर उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात के विशेष प्रबंध किए गए हैं, ताकि आम जनता और परीक्षार्थियों को असुविधा न हो। प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि नकल या किसी भी प्रकार की अनुचित गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वालों पर 'कठोरतम विधिक कार्रवाई' की जाएगी। अधिकारियों ने अभ्यर्थियों से भी अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और शांत मन से परीक्षा दें।
