गाजीपुर (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ( UPPCS ) 2024 का परिणाम घोषित होते ही जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। बिरनो विकासखंड के जुझारपु...
गाजीपुर (ब्यूरो)। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPCS) 2024 का परिणाम घोषित होते ही जनपद में खुशी की लहर दौड़ गई। बिरनो विकासखंड के जुझारपुर हरिहरपुर गांव की मेधावी कनक सिंह ने प्रदेश भर में 12वीं रैंक हासिल कर 'नायब तहसीलदार' का पद अपने नाम किया है। कनक की इस उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार, बल्कि पूरे जिले का मान बढ़ाया है। वह सेवानिवृत्त ज्वाइंट कमिश्नर (GST) महातम सिंह की सुपुत्री हैं।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
तीसरे प्रयास में मिली बड़ी कामयाबी, दिल्ली से प्रयागराज तक का सफर
कनक की प्रारंभिक शिक्षा जौनपुर से हुई, जबकि हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की पढ़ाई उन्होंने वाराणसी से पूरी की। उच्च शिक्षा के लिए दिल्ली विश्वविद्यालय का रुख करने वाली कनक ने स्नातक और परास्नातक के बाद प्रशासनिक सेवाओं की ओर कदम बढ़ाए। खास बात यह है कि उन्होंने किसी बड़े कोचिंग संस्थान के बजाय प्रयागराज स्थित अपने आवास पर 'सेल्फ स्टडी' को ही सफलता का मंत्र बनाया। कनक ने अपने तीसरे प्रयास में यह मुकाम हासिल कर साबित कर दिया कि निरंतरता ही जीत की कुंजी है।
'बेटियां किसी से कम नहीं', परिवार में जश्न का माहौल
सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को देते हुए कनक ने कहा कि बचपन से ही उनका लक्ष्य जनसेवा का था। उनके पिता महातम सिंह ने गर्व से कहा कि आज की बेटियां बेटों से किसी भी मोर्चे पर कम नहीं हैं। कनक के बड़े भाई ज्ञानेंद्र प्रताप हाईकोर्ट में अधिवक्ता हैं, वहीं उनके छोटे भाई-बहन भी प्रतियोगी परीक्षाओं के जरिए भविष्य संवारने में जुटे हैं। पैतृक गांव जुझारपुर में कनक की इस ऐतिहासिक सफलता पर ग्रामीणों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं।
