गाजीपुर (ब्यूरो)। जनपद के यातायात ढांचे को मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रस्ताव पर ...
गाजीपुर (ब्यूरो)। जनपद के यातायात ढांचे को मजबूत करने की दिशा में योगी सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। एमएलसी विशाल सिंह चंचल के प्रस्ताव पर संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री ने बहुप्रतीक्षित 4 किलोमीटर लंबी अंधऊ बाईपास रोड के निर्माण की स्वीकृति प्रदान कर दी है। कुल 39 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से बनने वाली इस सड़क के लिए शासन ने पहली किस्त के तौर पर 13 करोड़ 82 लाख रुपये जारी भी कर दिए हैं।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
जाम से मिलेगी मुक्ति, फोरलेन से सीधा जुड़ाव
एमएलसी विशाल सिंह चंचल ने इस सड़क की जरूरत को लेकर मुख्यमंत्री और प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर आगाह किया था। उन्होंने बताया कि यह सड़क वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन को सीधे चौकिया अंधऊ बाईपास के जरिए जंगीपुर से जोड़ेगी। इससे न केवल शहर के भीतर वाहनों का दबाव कम होगा, बल्कि बाहरी इलाकों से आने वाले भारी वाहनों को शहर के संकरे रास्तों से नहीं गुजरना पड़ेगा। हालिया गाजीपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने खुद इस सड़क के निर्माण का भरोसा दिलाया था।
एमएलसी ने जताया आभार, जनता में खुशी
विशाल सिंह चंचल ने जनपदवासियों की ओर से मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने से गाजीपुर शहर की दशकों पुरानी जाम की समस्या जड़ से खत्म हो जाएगी। प्रशासन को बजट की पहली किस्त मिलते ही अब लोक निर्माण विभाग (PWD) ने निर्माण प्रक्रिया तेज करने की तैयारी शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों और व्यापारियों ने भी इस घोषणा का स्वागत किया है, क्योंकि इससे व्यापारिक सुगमता भी बढ़ेगी।
