नई दिल्ली/गाजीपुर (ब्यूरो)। गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी ने सोमवार को दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचकर ईरान के राजदूत डॉ. मोहम्मद फतहाली...
नई दिल्ली/गाजीपुर (ब्यूरो)। गाजीपुर के सांसद अफजाल अंसारी ने सोमवार को दिल्ली स्थित ईरानी दूतावास पहुंचकर ईरान के राजदूत डॉ. मोहम्मद फतहाली से मुलाकात की। सांसद महोदय ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की शहादत पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं। इसके बाद उन्होंने ईरान कल्चर हाउस में भारत में सुप्रीम लीडर के प्रतिनिधि डॉ. अब्दुल मजीद हकीम इलाही से भी भेंट की और भारत के न्यायप्रिय नागरिकों की ओर से एकजुटता व्यक्त की।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
अमेरिका-इजराइल पर बरसे सांसद: 'अहंकार में झोंकी जंग की आग'
सांसद अफजाल अंसारी ने मध्य पूर्व (मिडल ईस्ट) के ताजा हालातों पर चिंता जताते हुए अमेरिका और इजराइल को सीधे तौर पर कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि 28 फरवरी को इन दो शक्तियों ने अपने अहंकार में जो हमला शुरू किया, उसका ईरान ने कल्पना से परे मुंहतोड़ जवाब दिया है। अंसारी ने कहा कि आज पूरे मध्य पूर्व में युद्ध की लपटें धधक रही हैं, जिसका खामियाजा भारत सहित पूरी दुनिया को भुगतना पड़ रहा है।
ट्रंप और नेतन्याहू पर तीखा हमला, मजलूमों के साथ खड़े होने की अपील
सांसद महोदय ने वैश्विक परिदृश्य का हवाला देते हुए कहा कि आज अमेरिका और इजराइल की शांतिप्रिय जनता भी इस बेवजह की जंग के लिए डोनाल्ड ट्रंप और बेंजामिन नेतन्याहू को ही दोषी मान रही है। उन्होंने अपील की कि इंसानियत के खिलाफ हो रहे जुल्म के विरुद्ध आवाज बुलंद करना जरूरी है। उन्होंने कहा, "हमें मजलूमों की हिमायत में खड़ा होना होगा, क्योंकि यह युद्ध केवल एक देश का नहीं बल्कि मानवता के खिलाफ अपराध है।"
