गाजीपुर (ब्यूरो)। संघ लोक सेवा आयोग ( UPSC ) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होते ही गाज़ीपुर जनपद में जश्न का माहौल है। जिले के...
गाजीपुर (ब्यूरो)। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की सिविल सेवा परीक्षा 2025 के परिणाम घोषित होते ही गाज़ीपुर जनपद में जश्न का माहौल है। जिले के तीन होनहारों ने अपनी मेहनत और मेधा के दम पर प्रतिष्ठित सूची में जगह बनाई है। इसमें जखनियां की प्रियंका कन्नौजिया ने 79वीं रैंक लाकर जिले का सिर फख्र से ऊंचा कर दिया है, वहीं साइमा सेराज और प्रांजल राय ने भी बड़ी सफलता हासिल की है।
![]() |
| UPSC News |
ड्राइवर की बेटी प्रियंका बनीं आईएएस, मिली 79वीं रैंक
जखनियां क्षेत्र के गौरा खास गांव की रहने वाली प्रियंका कन्नौजिया की सफलता की कहानी बेहद प्रेरणादायक है। प्रियंका के पिता हीरा कन्नौजिया एसडीएम के ड्राइवर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद प्रियंका ने अपनी लगन से 79वीं रैंक हासिल कर यह साबित कर दिया कि प्रतिभा किसी ऊंचे पद या विरासत की मोहताज नहीं होती। उनके आईएएस बनने की खबर मिलते ही जखनियां में मिठाई बांटने का सिलसिला शुरू हो गया।
साइमा अब संभालेंगी पुलिस की कमान, प्रांजल का पहले ही प्रयास में कमाल
सेवराई तहसील के उसीया गांव की साइमा सेराज अहमद खान ने 135वीं रैंक प्राप्त की है। दो साल पहले आईआरएस (IRS) पद पर चयनित होने वाली साइमा अब आईपीएस (IPS) बनकर देश की सुरक्षा संभालेंगी। वहीं, जमनिया के नगसर गांव के रहने वाले सॉफ्टवेयर इंजीनियर प्रांजल राय ने अपने पहले ही प्रयास में 250वीं रैंक हासिल कर सबको चौंका दिया। प्रसिद्ध साहित्यकार अजीत राय के पुत्र प्रांजल ने बीटेक के बाद अमेजन जैसी कंपनी की नौकरी छोड़कर हिंदी विषय के साथ यह मुकाम हासिल किया।
