वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय ( BHU ) के आईएमएस परिसर में शनिवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब डिपार्टमेंट ऑफ सिद्धांत दर्शन के पीछे स्...
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) के आईएमएस परिसर में शनिवार को उस वक्त चीख-पुकार मच गई, जब डिपार्टमेंट ऑफ सिद्धांत दर्शन के पीछे स्थित एक गोदाम से आग की ऊंची लपटें उठने लगीं। शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी इस आग ने चंद मिनटों में ही विकराल रूप ले लिया। गनीमत यह रही कि जिस वक्त आग लगी, पास के ही कमरों में छात्रों की क्लास चल रही थी, जिन्हें समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, वरना कोई बड़ी अनहोनी हो सकती थी।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
सिलेंडरों के पास पहुंची लपटें, दमकल ने संभाला मोर्चा
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस गोदाम में आग लगी वहां रंग-रोगन के ज्वलनशील सामान के साथ ही दो-तीन गैस सिलेंडर भी रखे हुए थे। सिलेंडरों की मौजूदगी ने मौके पर मौजूद लोगों की सांसें अटका दी थीं। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुँच गईं। सुरक्षा की दृष्टि से पूरे इलाके की बिजली तुरंत काट दी गई और राहत कार्य शुरू किया गया।
डायरेक्टर ने खुद संभाला मोर्चा, सामान बचाने की जद्दोजहद
हादसे की खबर मिलते ही आईएमएस के डायरेक्टर खुद मौके पर पहुंचे और सुरक्षाकर्मियों के साथ मिलकर गोदाम में रखे सामान को बाहर निकलवाने में मदद की। डायरेक्टर ने बताया कि आग डिपार्टमेंट ऑफ सिद्धांत दर्शन के पिछले हिस्से में लगी थी। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया है। इस घटना में सामान का नुकसान हुआ है, लेकिन किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।
