वाराणसी। देश की भविष्य की रूपरेखा तय करने वाली 'जनगणना-2027' की कवायद काशी में धरातल पर उतर आई है। गुरुवार से जिले के 11 केंद्रों प...
वाराणसी। देश की भविष्य की रूपरेखा तय करने वाली 'जनगणना-2027' की कवायद काशी में धरातल पर उतर आई है। गुरुवार से जिले के 11 केंद्रों पर प्रगणकों और सुपरवाइजरों का वृहद प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया। इस अभियान के तहत वाराणसी में कुल 3117 प्रगणकों और 523 सुपरवाइजरों को डिजिटल मैपिंग और डेटा फीडिंग के गुर सिखाए जा रहे हैं। नगर निगम के सभी 8 जोनों में प्रशासनिक अमला इस महाभियान को अमली जामा पहनाने में जुट गया है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
पहले चरण में मकानों की होगी नंबरिंग: पवन कुमार गुप्ता
नेशनल इंटर कॉलेज प्रशिक्षण केंद्र पर व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंचे सहायक नगर आयुक्त (आदमपुर जोन) पवन कुमार गुप्ता ने बताया कि पहले चरण में मकानों की गणना और उन्हें सूचीबद्ध (Listing) करने का कार्य होगा। उन्होंने कहा, "आदमपुर जोन के 18 वार्डों और 75 मोहल्लों के लिए 711 प्रगणकों व सुपरवाइजरों को पांच बैच में ट्रेंड किया जा रहा है। तीन दिवसीय सत्रों के माध्यम से मास्टर ट्रेनर्स हर बारीकी को स्पष्ट कर रहे हैं।"
डिजिटल जनगणना: 'HLO' मोबाइल ऐप बना मुख्य हथियार
इस बार की जनगणना पूरी तरह हाईटेक होने जा रही है। मास्टर ट्रेनर्स ने सभी कर्मियों को HLO मोबाइल ऐप इंस्टॉल करवाकर उसके उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। ऐप के जरिए डेटा लोडिंग और त्रुटिहीन फीडिंग सुनिश्चित करने के लिए कर्मियों की शंकाओं का मौके पर ही समाधान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान नगर निगम की ओर से कार्मिकों के लिए स्वल्पाहार और ताजे भोजन की समुचित व्यवस्था की गई है।
