गाजीपुर (ब्यूरो)। पीजी कॉलेज परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ( ABVP ) के कार्यकर्ताओं का गुस...
गाजीपुर (ब्यूरो)। पीजी कॉलेज परिसर में व्याप्त अव्यवस्थाओं को लेकर शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने कॉलेज के मुख्य द्वार पर तालाबंदी जैसी स्थिति पैदा कर दी और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का साफ आरोप है कि कैंपस अब शिक्षा के केंद्र के बजाय 'रील बनाने का अड्डा' बनता जा रहा है और बाहरी तत्वों के अनियंत्रित प्रवेश से अनुशासन की धज्जियां उड़ रही हैं।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
कैंपस में गंदगी और एब्सेंट रिजल्ट से छात्र बेहाल
प्रांत कार्यकारिणी सदस्य ईशान ने कॉलेज प्रशासन को घेरते हुए कहा कि परिसर में साफ-सफाई और शुद्ध पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाएं तक मयस्सर नहीं हैं। सबसे गंभीर मुद्दा परीक्षा परिणामों का है; दर्जनों छात्र परीक्षा में शामिल हुए, लेकिन रिजल्ट में उन्हें 'अनुपस्थित' (Absent) दिखा दिया गया। अब ये छात्र अपनी मार्कशीट ठीक कराने के लिए दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं, जिससे उनकी आगे की पढ़ाई अधर में लटकी हुई है।
साइकिल स्टैंड पर 'वसूली' का खेल, आंदोलन की चेतावनी
नगर मंत्री वायु पाठक ने स्टैंड शुल्क में हो रही अनियमितता की पोल खोलते हुए कहा कि छात्रों से निर्धारित फीस के अलावा भी अलग से पैसे वसूले जा रहे हैं, जो सीधे तौर पर आर्थिक शोषण है। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि बाहरी लड़कों के प्रवेश पर रोक नहीं लगी और अवैध वसूली बंद नहीं हुई, तो परिषद उग्र आंदोलन के लिए विवश होगी। धरने में विभाग संगठन मंत्री विपुल,शुभम शाहू, राहुल यादव, और प्रीति समेत भारी संख्या में छात्र मौजूद रहे।
