वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 'नारी शक्ति' के महाकुंभ को संबोधित किया। Purvancha...
वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में 'नारी शक्ति' के महाकुंभ को संबोधित किया।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
सभा स्थल पर प्रधानमंत्री का स्वागत अभूतपूर्व रहा। वे एक खुली जीप में सवार होकर जनता के बीच पहुंचे और हाथ हिलाकर काशीवासियों का अभिवादन स्वीकार किया। प्रधानमंत्री के साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी जीप पर सवार रहे।
बीएलडब्ल्यू ग्राउंड के विशाल प्रांगण में 25 हजार से अधिक महिलाओं का हुजूम उमड़ा है। खास बात यह है कि प्रधानमंत्री के साथ मंच पर काशी की विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी 44 महिलाओं को स्थान दिया गया है, जो नारी सशक्तिकरण के प्रति सरकार के समर्पण को दर्शाता है।
बीएलडब्ल्यू (BLW) मैदान में आयोजित नारी वंदन महिला सम्मेलन में प्रधानमंत्री का अंदाज पूरी तरह से ठाठ बनारसी रहा। उन्होंने अपने भाषण की शुरुआत भोजपुरी में करते हुए कहा, "हम काशी की ई भूमि पर आप सब माई-बहन के, काशी के बिटियन के प्रणाम करत हई।"
प्रधानमंत्री ने मंच से महिला आरक्षण विधेयक को लेकर विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सपा, कांग्रेस, टीएमसी और डीएमके जैसे दलों को 'परिवारवादी' करार देते हुए कहा कि ये पार्टियां देश की बेटियों को संसद और विधानसभाओं में पहुंचने से रोकना चाहती हैं। पीएम ने कहा, "जो आरक्षण 40 साल से लटका था, उसे हमने 2023 में पारित किया, लेकिन सपा और कांग्रेस की वजह से हमारे प्रयासों में अड़चनें आईं। ये दल तुष्टीकरण की राजनीति में डूबे हैं और नारी शक्ति की बढ़ती ताकत से डरे हुए हैं।"
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि उनका आरक्षण हक दिलाकर ही रहेंगे। उन्होंने कहा कि घर में एक महिला के सशक्त होने से पूरे परिवार और अंततः पूरे देश को ताकत मिलती है। काशी को दिव्य शक्तियों की भूमि बताते हुए पीएम ने कहा कि मां श्रृंगार गौरी, मां अन्नपूर्णा और मां विशालाक्षी की इस धरा पर मातृशक्ति का यह समागम अद्भुत है।
विकास की परियोजनाओं का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने दो नई 'अमृत भारत' ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये ट्रेनें अयोध्या-मुंबई और बनारस-पुणे के बीच चलेंगी, जिससे उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र की कनेक्टिविटी और सुदृढ़ होगी। उन्होंने कहा कि अब महाराष्ट्र के श्रद्धालुओं के लिए अयोध्या और काशी धाम पहुंचना और भी सुलभ हो जाएगा।
6,332 करोड़ रुपये की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के साथ प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि 'विकसित भारत' के निर्माण में नारी शक्ति ही सबसे मजबूत स्तंभ है। उन्होंने जनता से इस 'महायज्ञ' की सफलता के लिए आशीर्वाद मांगा और कहा कि वे काशी के सांसद के तौर पर देशहित के बड़े लक्ष्यों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
