गाजीपुर (ब्यूरो)। जमानिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए देवढ़ी गांव में हुई गोलीबारी के मुख्य आरोपी बीर बहादुर सिंह को धर दबोच...
गाजीपुर (ब्यूरो)। जमानिया थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए देवढ़ी गांव में हुई गोलीबारी के मुख्य आरोपी बीर बहादुर सिंह को धर दबोचा। महज जनरेटर मांगने के मामूली विवाद में अपनी लाइसेंसी पिस्टल से सरेराह फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले इस आरोपी की पुलिस को सरगर्मी से तलाश थी। पकड़े गए अभियुक्त के पास से वारदात में प्रयुक्त असलहा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
महिलाओं से बदसलूकी और फिर खूनी संघर्ष
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, यह पूरी घटना ग्राम देवढ़ी में तब शुरू हुई जब आरोपी बीर बहादुर सिंह इमामुद्दीन के घर पहुंचा और वहां मौजूद महिलाओं से जबरन जनरेटर मांगने लगा। महिलाओं द्वारा असमर्थता जताने और विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज और धमकी देने लगा। शोर सुनकर जब इमामुद्दीन का पुत्र दिलनवाज बीच-बचाव करने पहुंचा, तो बीर बहादुर ने उस पर सीधा फायर झोंक दिया। गोली दिलनवाज के दाहिने हाथ में लगी, जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा।
मोटरसाइकिल छोड़कर हुआ था फरार, अब सलाखों के पीछे
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अपनी पल्सर मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग निकला था। जमानिया थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुकदमा संख्या 109/26 के तहत घेराबंदी कर शनिवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने अभियुक्त के कब्जे से 01 अदद रिवाल्वर (.32 बोर), 01 खोखा और 02 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ बीएनएस (BNS) की संगीन धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।
