बलिया। नेहरू युवा केंद्र/माय भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के सेवानिवृत्त एपीएस सुभाष चंद्र द्वारा समाज के कमजोर वर्गों...
बलिया। नेहरू युवा केंद्र/माय भारत (युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार) के सेवानिवृत्त एपीएस सुभाष चंद्र द्वारा समाज के कमजोर वर्गों और महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए एक सराहनीय पहल की गई है। नगरा के देवरिया में 'बाबा शिव दत्त बहुद्देशीय हॉल' का लोकार्पण, नि:शुल्क सिलाई मशीन वितरण, सिलाई प्रशिक्षण केंद्र तथा बुजुर्गों के लिए योग प्रशिक्षण केंद्र का भव्य शुभारंभ संपन्न हुआ।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
समारोह के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह के प्रतिनिधि के तौर पर उप जिलाधिकारी (रसड़ा) रवि कुमार ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि यह केवल एक भवन का लोकार्पण नहीं है, बल्कि समाज सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का प्रेरणादायक उदाहरण है। उन्होंने कहा, "सेवानिवृत्ति के बाद जहाँ अधिकांश लोग विश्राम चुनते हैं, वहीं सुभाष चंद्र जी ने सेवा का मार्ग चुना है। बेटियों को आत्मनिर्भर बनाने का यह प्रयास प्रधानमंत्री के 'आत्मनिर्भर भारत' और 'महिला सशक्तिकरण' के संकल्प को मजबूती प्रदान करेगा।"
उप जिलाधिकारी ने आगे कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए योग अत्यंत आवश्यक है। यह केंद्र वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान और स्वास्थ्य का रक्षक बनेगा। उन्होंने जनपद प्रशासन की ओर से शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि भविष्य में यह स्थान समाज सेवा का एक बड़ा केंद्र बनेगा।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (बिहार) के राज्य निदेशक कपिल देव ने कहा कि नेहरू युवा केंद्र संगठन सदैव राष्ट्र निर्माण में अग्रणी रहा है। सुभाष चंद्र जी ने अपने सेवाकाल में युवाओं के बीच उत्कृष्ट कार्य किए और अब भी उसी भावना को आगे बढ़ा रहे हैं। जिला युवा अधिकारी रवि कुमार मिश्रा ने महिलाओं के सशक्तिकरण पर बल दिया, वहीं जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य के लिए योग केंद्र की सराहना की। साथ ही उन्होंने ग्रामीणों से गृह वाटिका तैयार करने की अपील करते हुए विभाग के सहयोग का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम के आयोजक सुभाष चंद्र ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह को डॉ. राम गोविंद प्रजापति, पंकज कुमार सिंह, ओम प्रकाश मिश्रा, पारसनाथ यादव, राजन प्रजापति, उमेश पांडे और प्रोफेसर सत्यदेव प्रजापति ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर हाल ही में विवाहित 15 महिलाओं को सिलाई मशीन वितरित की गई। साथ ही भवन निर्माण में सहयोग देने वाले लोगों को अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला देकर सम्मानित किया गया।
स्वागत गीत सूबेदार सनेही एवं राधेश्याम ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में सत्येंद्र राय, चैन प्रताप (ग्राम प्रधान), कृष्ण मुरारी पांडे, देवानंद प्रजापति और अवध किशोर सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन राज्य प्रशिक्षक अंगद सिंह यादव ने किया और पूर्व ग्राम प्रधान राम सरीखा जी ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
