गाजीपुर। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सदर विधानसभा क्षेत्र के नारी पंचदेवरा गांव स्थित गंगा तट पर शनिवार की संध्या एक अभूतपूर्व आध्यात्मिक संग...
गाजीपुर। गंगा दशहरा के पावन अवसर पर सदर विधानसभा क्षेत्र के नारी पंचदेवरा गांव स्थित गंगा तट पर शनिवार की संध्या एक अभूतपूर्व आध्यात्मिक संगम देखने को मिला। समाजसेवी एवं गंगा आरती संयोजक संतोष कुमार पाण्डेय ‘नन्हे’ के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम ने श्रद्धालुओं को काशी की विश्वप्रसिद्ध गंगा आरती की अनुभूति करा दी। दीपों की अलौकिक छटा, घंटों की ध्वनि और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हज़ारों श्रद्धालुओं ने माँ गंगा की वंदना की।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
काशी के विद्वानों ने संपन्न कराई आरती
इस भव्य आयोजन के लिए विशेष रूप से काशी से पाँच विद्वान आचार्यों को आमंत्रित किया गया था। जैसे ही आचार्यों ने विधि-विधान के साथ आरती का श्रीगणेश किया, पूरा घाट “हर-हर गंगे” और “जय माँ गंगे” के जयघोष से गुंजायमान हो उठा। यह लगातार दूसरा वर्ष था जब यहाँ आरती का आयोजन हुआ, लेकिन इस बार श्रद्धालुओं की संख्या और भव्यता ने पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए।
सुजीत साइकिल ने की आयोजन की सराहना
कार्यक्रम में उपस्थित यादव महासभा के जिलाध्यक्ष सुजीत साइकिलने इस पुनीत कार्य की जमकर प्रशंसा की। पूर्वांचल समाचार से विशेष वार्तालाप करते हुए सुजीत साइकिल ने कहा, "नारी पंचदेवरा घाट पर आयोजित यह गंगा आरती गाजीपुर की धार्मिक चेतना को एक नई ऊंचाई पर ले गई है। संतोष पाण्डेय 'नन्हे' जी का यह प्रयास सराहनीय है, जिन्होंने काशी की दिव्यता को गाजीपुर के द्वार तक पहुँचाया है। ऐसे आयोजनों से न केवल सामाजिक समरसता बढ़ती है, बल्कि हमारी युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नदियों के संरक्षण की प्रेरणा भी मिलती है।"
गंगा आरती का लिया गया संकल्प
आरती के संयोजक संतोष कुमार पाण्डेय ‘नन्हे’ ने इसे गाजीपुर के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए संकल्प लिया कि अब हर वर्ष गंगा दशहरा पर यहाँ नियमित रूप से भव्य आरती होगी। उन्होंने घाट के सौंदर्यीकरण और इसे पूर्वांचल का प्रमुख धार्मिक केंद्र बनाने की योजना भी साझा की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से नेता अरुण सिंह, सपा महिला सभा की प्रदेश सचिव पुनीता सिंह खुशबू, पूर्व प्रधान रामबचन यादव, उमाशंकर यादव, सपा नेता विश्वास धरकार उर्फ गोलू, जेपी यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आरती के पश्चात सैकड़ों लोगों के बीच प्रसाद वितरण किया गया।
