google.com, pub-8818714921397710, DIRECT, f08c47fec0942fa0 गाजीपुर में भारी बवाल: एनकाउंटर में ढेर कमलेश चौधरी के शव को सड़क पर रख चक्काजाम, पथराव में सीओ सिटी का सिर फूटा - Purvanchal samachar - पूर्वांचल समाचार

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ads

गाजीपुर में भारी बवाल: एनकाउंटर में ढेर कमलेश चौधरी के शव को सड़क पर रख चक्काजाम, पथराव में सीओ सिटी का सिर फूटा

गाजीपुर। बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मारे गए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के शव का ग...

गाजीपुर। बहुचर्चित विनीत राय हत्याकांड में पुलिस मुठभेड़ के दौरान मारे गए एक लाख रुपये के इनामी बदमाश कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद के शव का गुरुवार को पोस्टमार्टम कराया गया. पोस्टमार्टम के बाद शव जैसे ही परिजनों को सौंपकर गांव में लाया गया, वैसे ही वहां मौजूद ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा और पूरे फुल्लनपुर इलाके में भीषण बवाल शुरू हो गया।

Ghazipur News, Purvanchal Samachar
Purvanchal Samachar 

शव को रेलवे क्रॉसिंग पर रख चक्काजाम, पुलिस पर किया जानलेवा पथराव।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, 200 से अधिक आक्रोशित ग्रामीणों ने कमलेश के शव को फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग के पास बीच सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया. इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं, जिनका आरोप था कि पुलिस ने कमलेश पर फर्जी केस लादकर उसका एनकाउंटर किया है. चक्काजाम की सूचना पर जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे, तो उग्र भीड़ ने उन पर ताबड़तोड़ पथराव शुरू कर दिया. अचानक हुए इस जानलेवा हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई और शुरुआती पुलिसकर्मी जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे. उपद्रवियों ने पुलिसकर्मियों को खदेड़ते हुए होमगार्ड ऑफिस और गोड़ा शहरी कॉलोनी के मोड़ तक पथराव किया, जिससे डरकर स्थानीय दुकानदारों ने शटर गिरा दिए और लोग अपने घरों में कैद हो गए.


सीओ सिटी और महिला पुलिसकर्मी लहूलुहान

इस भीषण पत्थरबाजी के दौरान कानून व्यवस्था संभालने पहुंचे सीओ सिटी शेखर सेंगर का सिर फट गया, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए. उनके अलावा भीड़ को नियंत्रित करने का प्रयास कर रहीं कई महिला पुलिसकर्मी भी इस हमले में घायल हुई हैं. हालात बेकाबू होते देख उच्चाधिकारियों के निर्देश पर तत्काल बॉडी प्रोटेक्टर और दंगारोधी उपकरणों से लैस भारी संख्या में पुलिस के जवानों को मौके पर भेजा गया. अतिरिक्त पुलिस बल ने कड़ा रुख अपनाते हुए उपद्रवियों को लाठियां भांजकर काफी दूर तक खदेड़ दिया, जिसके बाद भीड़ शव को मौके पर ही छोड़कर भाग खड़ी हुई.


बिंदु होटल के सामने बवाल की थी साजिश, छावनी बना फुल्लनपुर

खुफिया सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, उपद्रवी पहले कमलेश के शव को विनीत राय के पिता के 'बिंदु होटल' के सामने रखकर बड़े बवाल की साजिश रच रहे थे, लेकिन ऐन वक्त पर उन्होंने अपना प्लान बदलकर फुल्लनपुर रेलवे क्रॉसिंग को चुना. पुलिस ने स्थिति पर नियंत्रण पाते ही तुरंत शव को अपने कब्जे में लेकर एम्बुलेंस से सीधे श्मशान घाट पहुंचाया, जहां पुलिस बल की कड़ी निगरानी में परिजनों की मौजूदगी में शव का अंतिम संस्कार संपन्न कराया गया. फिलहाल, पूरे फुल्लनपुर इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है और चप्पे-चप्पे पर फोर्स तैनात है. घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है, वहीं उपद्रवियों को चिन्हित कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में भी लिया गया है.


दोषियों पर होगी कड़ी से कड़ी कार्रवाई: एसपी

इस पूरे घटनाक्रम पर सख्त रुख अपनाते हुए गाजीपुर के पुलिस अधीक्षक (SP) डॉ. ईरज राजा ने कहा कि पथराव करने वाले बवालियों को चिन्हित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन लोगों ने कानून हाथ में लेकर सीओ सिटी और पुलिस टीम पर हमला किया है, उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर ऐसी कड़ी से कड़ी विधिक कार्रवाई की जाएगी।