गाजीपुर ब्यूरो: वाराणसी में अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने वाले भव्य एयर शो की तैयारियों की हलचल पड़ोसी जनपद गाजीपुर तक पहुंच ग...
गाजीपुर ब्यूरो: वाराणसी में अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने वाले भव्य एयर शो की तैयारियों की हलचल पड़ोसी जनपद गाजीपुर तक पहुंच गई है। एयर शो के सफल संचालन के लिए भारतीय वायुसेना (IAF) के छह एमआई-17 (MI-17) हेलीकॉप्टर गाजीपुर स्थित अंधऊ हवाई पट्टी पर तैनात किए जाएंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन ने अंधऊ एयर स्ट्रिप को युद्धस्तर पर तैयार करने की कवायद शुरू कर दी है। इसी क्रम में गुरुवार दोपहर करीब 2 बजे जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने अंधऊ एयर स्ट्रिप और वीआईपी गेस्ट हाउस का स्थलीय निरीक्षण किया।
29 सितंबर को पहुंचेगी वायुसेना की टीम, 2 किमी लंबी पट्टी की होगी मरम्मत
निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने बताया कि 29 सितंबर को भारतीय वायुसेना की तकनीकी और सुरक्षा टीम अंधऊ हवाई पट्टी पहुंचेगी। टीम एयर स्ट्रिप का गहन तकनीकी मुआयना कर आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लेगी।
डीएम ने लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि करीब दो किलोमीटर लंबी हवाई पट्टी पर व्यापक साफ-सफाई, डामरीकरण और जरूरी मरम्मत कार्य तत्काल पूरे कराए जाएं। साथ ही एयर स्ट्रिप से जुड़े गेस्ट हाउस को भी सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं।
सुरक्षा के लिए बनेगी बाउंड्री वॉल, हटेगा आसपास का अतिक्रमण
हवाई पट्टी की सुरक्षा और संचालन को चाक-चौबंद बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। एयर स्ट्रिप की परिधि में बाउंड्री वॉल का निर्माण तेजी से कराया जाएगा। इसके अलावा, विमानों व हेलीकॉप्टरों की सुरक्षित लैंडिंग व उड़ान में बाधा बनने वाले आसपास के तमाम अतिक्रमण और अवरोधों को अभियान चलाकर तत्काल हटाया जाएगा।
