Ghazipur News: जनपद गाजीपुर की कोतवाली पुलिस ने मालगोदाम रोड पर हुए चर्चित जानलेवा हमले और चाकूबाजी के मामले में त्वरित व सख्त कार्रवाई करते...
Ghazipur News: जनपद गाजीपुर की कोतवाली पुलिस ने मालगोदाम रोड पर हुए चर्चित जानलेवा हमले और चाकूबाजी के मामले में त्वरित व सख्त कार्रवाई करते हुए चार वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने गिरफ्तार अभियुक्तों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किए गए दो खून से सने चाकू और दो डंडे भी बरामद कर लिए हैं।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
साइकिल हटाने को लेकर हुआ था विवाद, पेट में घोंप दिया था चाकू
पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के अनुसार, घटना 8 सितंबर की है जब मालगोदाम रोड के पास रास्ते में खड़ी साइकिल को हटाने को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी।
रास्ते से गुजर रहे कार सवार लोगों ने जब सड़क पर खड़ी साइकिल को हटाने का अनुरोध किया, तो विपक्षी पक्ष उग्र हो गया और लाठी, डंडे, लोहे की रॉड तथा धारदार चाकू से जानलेवा हमला बोल दिया। इस हिंसक हमले में सनी बिंद के पेट में चाकू घोंपकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था, जबकि कार में मौजूद अन्य लोगों के साथ भी बेरहमी से मारपीट की गई थी। घटना के संबंध में पीड़ित पक्ष की तहरीर पर कोतवाली थाने में हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर से हुई चारों की गिरफ्तारी
घटना के बाद से ही कोतवाली पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। 12 सितंबर को विवेचना के दौरान मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गाजीपुर रेलवे स्टेशन के पूर्वी आउटर के पास घेराबंदी कर चारों वांछितों को धर दबोचा।
पकड़े गए अभियुक्तों की शिनाख्त:
- अर्जुन (निवासी टैक्सी स्टैंड ओवरब्रिज, मालगोदाम रोड, गाजीपुर)
- सोनू (निवासी टैक्सी स्टैंड ओवरब्रिज, मालगोदाम रोड, गाजीपुर)
- मनसुख उर्फ मनसोख (निवासी टैक्सी स्टैंड ओवरब्रिज, मालगोदाम रोड, गाजीपुर)
- लोहा (निवासी बयेपुर देवकली, गाजीपुर)
के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर झाड़ियों से दो खून से सने चाकू और हमले में प्रयुक्त दो मजबूत डंडे बरामद किए।
