गोरखपुर: महायोगी गोरखनाथ की पावन साधनास्थली गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व शुक्रवार को अगाध श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्ला...
गोरखपुर: महायोगी गोरखनाथ की पावन साधनास्थली गोरखनाथ मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पावन पर्व शुक्रवार को अगाध श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। मध्यरात्रि में जैसे ही घड़ी की सुइयों ने 12 बजाए और कान्हा का प्राकट्य हुआ, पूरा मंदिर परिसर 'जय कन्हैया लाल की' और 'हाथी घोड़ा पालकी' के गगनभेदी जयकारों से गूंज उठा। गोरक्षपीठाधीश्वर एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप 'लड्डू गोपाल' को फूलों से सजे पालने में विराजमान कर झुलाया और उनकी मंगल आरती उतारी।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार रात्रि लखनऊ से सीधे गोरखपुर पहुंचे। जन्मोत्सव के पावन उपलक्ष्य में मंदिर परिसर स्थित महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सभागार में भव्य भजन संध्या का आयोजन किया गया था। सीएम योगी ने कलाकारों द्वारा प्रस्तुत किए जा रहे मनोहारी भजनों का आनंद लिया और श्रद्धालुओं के साथ जन्मोत्सव के उल्लास में शामिल हुए।
नन्हे-मुन्ने बच्चों पर बरसाया स्नेह, कराया फलाहार
जन्माष्टमी के विशेष अवसर पर गोरखनाथ मंदिर में पहुंचे कान्हा और राधा के रूप में सजे नन्हे-मुन्ने बच्चों को देखकर मुख्यमंत्री भावविभोर हो गए। सीएम योगी ने बच्चों को पास बुलाकर खूब प्यार-दुलार किया, उनके सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया और उनके साथ आत्मीय बातचीत की।
कान्हा के प्राकट्य का धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न होने के बाद मंदिर प्रबंधन की ओर से उपस्थित हजारों श्रद्धालुओं में फलाहार और विशेष प्रसाद का वितरण किया गया।
