Up News: राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में रविवार को भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्त...
Up News: राजधानी लखनऊ स्थित लोकभवन सभागार में रविवार को भव्य नियुक्ति पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड द्वारा निष्पक्ष व पारदर्शी चयन प्रक्रिया के तहत चयनित 912 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। इस अवसर पर वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना सहित शासन व पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
गोपनीय, लिपिक और लेखा शाखा को मिला नया बल
समारोह के दौरान पुलिस उपनिरीक्षक (गोपनीय), सहायक उपनिरीक्षक (लिपिक) और सहायक उपनिरीक्षक (लेखा) के पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को कार्यभार संभालने हेतु नियुक्ति पत्र सौंपे गए। ये सभी नवचयनित अभ्यर्थी उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न विंगों में अपनी सेवाएं देकर विभाग के प्रशासनिक और तकनीकी कामकाज को और अधिक सुदृढ़ बनाएंगे।
2017 से पहले इंटरव्यू के नाम पर होता था खेल": मुख्यमंत्री
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्ववर्ती सरकारों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश की भर्ती प्रक्रियाओं में भाई-भतीजावाद और भ्रष्टाचार हावी था, जिससे युवाओं में भारी निराशा थी।
सीएम ने कहा कि उस दौर में जो अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल भी नहीं होते थे, उन्हें भी नौकरियां मिल जाती थीं। भाजपा सरकार ने आते ही व्यवस्था बदली और ग्रुप सी व डी की भर्तियों से साक्षात्कार (इंटरव्यू) समाप्त कर दिया, जहां सबसे ज्यादा धांधली की गुंजाइश होती थी। आज पूरी प्रक्रिया पारदर्शी है और केवल योग्यता के दम पर युवाओं को रोजगार मिल रहा है।
उपद्रव वाले प्रदेश को उत्सव वाले प्रदेश में बदला
मुख्यमंत्री ने कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए कहा कि प्रशासन का मानवबल वही है, केवल कार्य करने की इच्छाशक्ति और नीति में बदलाव आया है। पहले मुजफ्फरनगर और कोसीकलां जैसे शहरों में महीनों कर्फ्यू और दंगे चलते थे। माफिया के काफिलों के आगे न्यायपालिका तक के वाहनों को रोक दिया जाता था।
आज यूपी पुलिस ने नजीर पेश की है—दंगे और असलहा लहराना पूरी तरह बंद हो चुका है। बेटियों की सुरक्षा पर कड़ा संदेश देते हुए सीएम ने कहा कि आज अगर कोई शोहदा किसी बहन-बेटी से छेड़छाड़ करता है, तो वह समझ ले कि वह अपने 'डेथ सेंटेंस' पर खुद दस्तखत कर रहा है।
