रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद अंतर्गत ऊंचाहार में आयोजित दिव्य श्री शिव महापुराण कथा का प्रांगण रविवार को देवाधिदेव महादेव की पाव...
रायबरेली: उत्तर प्रदेश के रायबरेली जनपद अंतर्गत ऊंचाहार में आयोजित दिव्य श्री शिव महापुराण कथा का प्रांगण रविवार को देवाधिदेव महादेव की पावन भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास से आलोकित हो उठा। कथा के तृतीय दिवस पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पावन कथा स्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री के आगमन से विशाल पंडाल में उपस्थित लाखों श्रद्धालुओं का उत्साह दोगुना हो गया और पूरा परिसर 'हर-हर महादेव' के जयकारों से गूंज उठा।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
व्यासपीठ पर टेका मत्था, पंडित प्रदीप मिश्रा को भेंट किया अंगवस्त्र
कथा स्थल पर पहुंचकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सबसे पहले व्यासपीठ और देवाधिदेव महादेव के पावन स्वरूप का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके उपरांत उन्होंने अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा (सीहोर वाले) से शिष्टाचार भेंट की और उन्हें श्रद्धापूर्वक अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया।
पूज्य गुरुदेव ने भी मुख्यमंत्री को अपना स्नेहपूर्ण आशीर्वाद और सान्निध्य प्रदान किया। इस दौरान दोनों विभूतियों के बीच आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विषयों पर संक्षिप्त चर्चा भी हुई।
पंडाल में बैठकर किया कथा श्रवण, भक्तिमय हुआ वातावरण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कथा प्रांगण में बैठकर पूज्य पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से प्रवाहित हो रही श्री शिव महापुराण की पावन अमृत वर्षा का श्रवण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का सान्निध्य और महादेव की पावन कथा का श्रवण आत्मा को शांति और समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। ऊंचाहार में उमड़े विशाल जनसमूह के बीच मुख्यमंत्री की मौजूदगी ने पूरे आयोजन को ऐतिहासिक और स्मरणीय बना दिया। श्रद्धालुओं ने इसे क्षेत्र के लिए परम सौभाग्य का अवसर बताया।
सुरक्षा के रहे कड़े बंदोबस्त
मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से कथा स्थल और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के व्यापक और पुख्ता इंतजाम किए गए थे। वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों की निगरानी में पूरे कार्यक्रम को सुव्यवस्थित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया।
