Varanasi News: स्मार्ट सिटी वाराणसी के कैंट क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित जेएचवी (JHV) मॉल प्रबंधन द्वारा खुले में कचरा डंप करने और ठोस अपशिष्ट ...
Varanasi News: स्मार्ट सिटी वाराणसी के कैंट क्षेत्र स्थित प्रतिष्ठित जेएचवी (JHV) मॉल प्रबंधन द्वारा खुले में कचरा डंप करने और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का खुला उल्लंघन करने पर नगर निगम प्रशासन ने बेहद कड़ा रुख अख्तियार किया है। अपर नगर आयुक्त द्वारा जारी नोटिस की समय-सीमा (मियाद) पूरी होने के बावजूद मॉल प्रशासन ने व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया। इसके बाद अब नगर निगम जेएचवी मॉल के खिलाफ मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में अर्जी दाखिल कर न्यायिक चालान भेजने की विधिक प्रक्रिया शुरू करने जा रहा है।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016 की खुलेआम अनदेखी
ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम (Solid Waste Management Rules), 2016 के नियम 4 के अनुसार, प्रतिदिन 100 किलोग्राम से अधिक कचरा उत्सर्जित करने वाले सभी प्रतिष्ठानों को 'बल्क वेस्ट जनरेटर' (Bulk Waste Generator) की श्रेणी में रखा गया है।
इस नियम के तहत बड़े मॉल, होटल, रेस्टोरेंट और मैरिज लॉन को अपने परिसर में ही कचरे का स्रोत पर पृथक्कीकरण (गीला और सूखा कूड़ा अलग-अलग करना) और गीले कचरे का ऑन-साइट निस्तारण करना अनिवार्य है। इसके बावजूद जेएचवी मॉल प्रबंधन द्वारा इन तय पर्यावरणीय मानकों की लगातार अनदेखी की जा रही है।
अधिकृत गाड़ी होने के बाद भी परिसर में फेंका जा रहा कचरा: नगर आयुक्त
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने स्पष्ट किया कि नगर निगम द्वारा डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए अधिकृत एजेंसी मेसर्स वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन प्राइवेट लिमिटेड की गाड़ियां प्रतिदिन कैंट क्षेत्र में उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसके बावजूद जेएचवी मॉल प्रबंधन कचरा प्रबंधन में अपेक्षित सहयोग नहीं दे रहा है। मॉल द्वारा व्यावसायिक कचरे के साथ-साथ निर्माण एवं ध्वस्तीकरण (C&D) वेस्ट भी खुले परिसर में ही अवैध रूप से डंप किया जा रहा है, जिससे आसपास गंभीर गंदगी फैल रही है।
पर्यटन की दृष्टि से संवेदनशील है इलाका, छवि धूमिल होने पर सख्ती
कैंट क्षेत्र वाराणसी का प्रमुख व्यावसायिक और पर्यटन हब है। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के कई बड़े होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठान स्थित हैं, जिसके चलते देशी और विदेशी पर्यटकों की यहां 24 घंटे भारी आवाजाही रहती है। ऐसे प्रमुख स्थल पर खुले में कचरा और मलबे का ढेर लगने से काशी की स्वच्छता छवि धूमिल हो रही है। नगर आयुक्त ने निर्देश दिए हैं कि नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा और विधिक कार्रवाई पूरी सख्ती से की जाएगी।
