वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को काशी प्रवास के दौरान महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में नई पीढ़ी के ...
वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने गुरुवार को काशी प्रवास के दौरान महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में नई पीढ़ी के युवाओं (Gen-Z) से सीधा संवाद किया। छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने युवाओं के वर्गीकरण पर कड़ा ऐतराज जताया और कहा कि युवाओं को विभिन्न श्रेणियों में बांटने के बजाय उनकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश युवाओं का था, है और रहेगा, तथा किसी भी विदेशी घुसपैठिए को भारत के युवाओं के हक पर डाका नहीं डालने दिया जाएगा।
![]() |
| Purvanchal Samachar |
"अल्फा, बीटा, गामा में न बांटें युवा शक्ति": काशी विद्यापीठ में छात्रों के सवाल
काशी विद्यापीठ परिसर में आयोजित संवाद सत्र के दौरान 12 छात्र-छात्राओं ने सीधे भाजपा अध्यक्ष से करियर, रोजगार और देश के भविष्य को लेकर सवाल पूछे।
छात्रों के सवालों का उत्तर देते हुए उन्होंने कहा कि पहले भी युवा टीनएजर होते थे, ऐसे में अब उन्हें अल्फा, बीटा या गामा जैसी श्रेणियों में बांटना पूरी तरह गलत है। करियर से जुड़े सवालों पर उन्होंने विश्वास दिलाया कि भारत बहुत जल्द वैश्विक स्तर पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सबसे बड़ा केंद्र बनेगा। उत्तर प्रदेश के बदलते माहौल का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले यूपी का नाम आते ही माफियाराज और अपराध की चर्चा होती थी, लेकिन आज राज्य एक्सप्रेस-वे और डिफेंस कॉरिडोर के जरिए विकास के नए आयाम छू रहा है।
बाबा विश्वनाथ के दर्शन कर विपक्ष पर साधा निशाना, काशी को आईटी हब बनाने का सुझाव
विद्यापीठ के कार्यक्रम से पहले नितिन नवीन ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन कर लोक-कल्याण की कामना की। दर्शन के उपरांत मीडिया से बातचीत में उन्होंने विपक्ष पर तीखा प्रहार किया।
उन्होंने राहुल गांधी और विपक्षी दलों को अराजकतावादी मानसिकता का बताते हुए आरोप लगाया कि वे समाज में वैमनस्य घोलने और घुसपैठियों को संरक्षण देने का काम कर रहे हैं। पीढ़ी परिवर्तन पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि देश को समृद्ध बनाने के लिए दीर्घकालिक नीतियों की आवश्यकता है। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार नोएडा और लखनऊ विकसित हुए हैं, उसी तर्ज पर बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी को भी अत्याधुनिक आईटी हब के रूप में विकसित करने के लिए वे सरकार को आवश्यक सुझाव देंगे।
