Ballia News: छठ महापर्व की खुशियों के बीच बलिया जनपद से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां एक ओर घरों में संतान के दीर्घायु जीवन और...
Ballia News: छठ महापर्व की खुशियों के बीच बलिया जनपद से एक अत्यंत हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां एक ओर घरों में संतान के दीर्घायु जीवन और सुख-समृद्धि की कामना के लिए छठी मइया के पूजन की तैयारियां जोरों पर थीं, वहीं पूजा की वेदी बनाने के लिए गंगा तट पर मिट्टी और पवित्र जल लेने गए दो जिगरी दोस्त गंगा की तेज धार में समा गए। फेफना थाना क्षेत्र अंतर्गत माल्देपुर गंगा घाट पर शनिवार दोपहर मोबाइल से रील बनाने के दौरान यह दर्दनाक हादसा पेश आया। सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में हाहाकार मच गया और पूजा का उल्लास चीख-पुकार में बदल गया।
छठ की वेदी के लिए मिट्टी लेने पहुंचे थे, रील बनाने के चक्कर में गहरे पानी में उतरे
प्राप्त विवरण के अनुसार, शहर के चित्तू पांडेय चौराहा निवासी नारायण प्रसाद गुप्ता का 19 वर्षीय पुत्र मारुति नंदन (कक्षा 12 का प्राइवेट छात्र) और जगदीशपुर पानी टंकी निवासी आनंद श्रीवास्तव का 20 वर्षीय पुत्र रौनक श्रीवास्तव आपस में घनिष्ठ मित्र थे।
शनिवार दोपहर दोनों दोस्त परिजनों के लिए छठ पूजा की वेदी बनाने हेतु गंगा मिट्टी और गंगाजल लेने माल्देपुर घाट गए हुए थे। घाट पर मिट्टी और जल एकत्र करने के बाद दोनों मोबाइल फोन से वीडियो व रील बनाने के लिए नदी में उतर गए। दोपहर का समय होने के कारण घाट पर लोगों की आवाजाही बेहद कम थी। वीडियो बनाने के दौरान ही एक दोस्त का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने की कोशिश में दूसरा दोस्त भी गहरे भंवर में समा गया और देखते ही देखते दोनों गंगा की अथाह जलराशि में विलीन हो गए।
डीएम-एसपी सहित प्रशासनिक अमला मौके पर, एसडीआरएफ को बुलाया गया
घटना की सूचना मिलते ही घाट पर मौजूद कुछ लोगों के शोर मचाने पर फेफना थाना पुलिस हरकत में आई।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक (एसपी) डॉ. ईरज राजा, उपजिलाधिकारी (एसडीएम) सदर गोपेश तिवारी, क्षेत्राधिकारी (सीओ) सदर अक्षय कुमार और फेफना थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय तुरंत भारी पुलिस बल के साथ माल्देपुर घाट पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों और नाविकों के माध्यम से नदी में दोनों युवकों की तलाश शुरू कराई गई। पानी के तेज बहाव और गहराई को देखते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) की रेस्क्यू टीम को मौके पर तलब किया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, सीओ बोले—रील बनाने के दौरान हुआ हादसा
युवकों के डूबने की मनहूस खबर जैसे ही उनके घरों तक पहुंची, परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई और वे रोते-बिलखते घाट की ओर दौड़ पड़े।
सीओ सदर अक्षय कुमार ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों युवक नदी में उतरकर मोबाइल से तस्वीरें और वीडियो रील बना रहे थे। उसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वे गहरे पानी में चले गए। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मोटरबोट और महाजाल की सहायता से गंगा में सघन खोजबीन अभियान चला रही हैं।
