google.com, pub-8818714921397710, DIRECT, f08c47fec0942fa0 श्री काशी विश्वनाथ दर्शन के बाद IAS शाश्वत त्रिपुरारी ने संभाला वाराणसी नगर आयुक्त का कार्यभार, स्वच्छता में नंबर वन बनाना लक्ष्य - Purvanchal samachar - पूर्वांचल समाचार

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ads

श्री काशी विश्वनाथ दर्शन के बाद IAS शाश्वत त्रिपुरारी ने संभाला वाराणसी नगर आयुक्त का कार्यभार, स्वच्छता में नंबर वन बनाना लक्ष्य

Varanasi News: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के तेजतर्रार अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने शनिवार को वाराणसी के नए नगर आयुक्त के रूप में विधिवत प...

Varanasi News: भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के तेजतर्रार अधिकारी शाश्वत त्रिपुरारी ने शनिवार को वाराणसी के नए नगर आयुक्त के रूप में विधिवत पदभार ग्रहण कर लिया। कार्यभार संभालने से पूर्व उन्होंने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल बाबा काल भैरव के दरबार में मत्था टेककर विधिविधान से दर्शन-पूजन किया और आशीर्वाद लिया। चार्ज संभालते ही नवागत नगर आयुक्त ने अपनी प्रशासनिक प्राथमिकताओं को स्पष्ट कर दिया और घोषणा की कि धार्मिक व सांस्कृतिक नगरी काशी को राष्ट्रीय स्वच्छता सर्वेक्षण की रैंकिंग में शीर्ष पायदान पर पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

Varanasi News, Purvanchal Samachar
Varanasi News 

बाबा विश्वनाथ और काल भैरव के दर्शन कर शुरू किया कार्यभार


वाराणसी नगर निगम मुख्यालय स्थित अपने कार्यालय में कार्यभार ग्रहण करने से पहले आईएएस शाश्वत त्रिपुरारी ने काशी की परंपरा के अनुसार देवाधिदेव महादेव और बाबा काल भैरव की चौखट पर हाजिरी लगाई।


पूजा-अर्चना के उपरांत उन्होंने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर औपचारिक रूप से पदभार संभाला। इस दौरान नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारियों, अपर नगर आयुक्तों और विभिन्न विभागीय प्रभारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। पदभार संभालने के तुरंत बाद उन्होंने नगर निगम के विभिन्न अनुभागों के प्रमुखों के साथ एक परिचयात्मक बैठक की और आवश्यक प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा की।


"स्वच्छता सर्वेक्षण में बनारस को टॉप पर लाना सर्वोच्च प्राथमिकता": नगर आयुक्त


पदभार ग्रहण करते ही मीडियाकर्मियों से मुखातिब होते हुए नगर आयुक्त शाश्वत त्रिपुरारी ने अपना विजन और एजेंडा पूरी तरह साफ कर दिया।


उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि काशी देश और दुनिया के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, ऐसे में यहां की स्वच्छता व्यवस्था वैश्विक स्तर की होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "हमारा सीधा और स्पष्ट लक्ष्य वाराणसी को स्वच्छता सर्वेक्षण में देश के शीर्ष शहरों में स्थापित करना है।" उन्होंने डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, घाटों और प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास निरंतर व व्यवस्थित सफाई प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।


नागरिक सुविधाओं और त्वरित जनसुनवाई पर रहेगा विशेष जोर


नवागत नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता के साथ-साथ शहरवासियों की मूलभूत समस्याओं का त्वरित निस्तारण प्रशासन की प्राथमिकताओं में रहेगा।

पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, स्ट्रीट लाइटों का रख-रखाव और अतिक्रमण मुक्ति जैसे जनहित के मुद्दों पर किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त हिदायत दी कि जनता से सीधे जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और गति लाई जाए तथा जनसुनवाई में आने वाली प्रत्येक शिकायत का समयबद्ध व संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए।