google.com, pub-8818714921397710, DIRECT, f08c47fec0942fa0 वाराणसी से शुरू हुई अपना दल कमेरावादी की भागीदारी यात्रा, पल्लवी पटेल 2027 में सिराथू से लड़ेंगी चुनाव - Purvanchal samachar - पूर्वांचल समाचार

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

ads

वाराणसी से शुरू हुई अपना दल कमेरावादी की भागीदारी यात्रा, पल्लवी पटेल 2027 में सिराथू से लड़ेंगी चुनाव

वाराणसी: उत्तर प्रदेश की सियासत में पिछड़ों, युवाओं और संविदा कर्मचारियों के मुद्दों को धार देने के उद्देश्य से अपना दल (कमेरावादी) ने धर्मन...

वाराणसी: उत्तर प्रदेश की सियासत में पिछड़ों, युवाओं और संविदा कर्मचारियों के मुद्दों को धार देने के उद्देश्य से अपना दल (कमेरावादी) ने धर्मनगरी वाराणसी से अपनी प्रदेशव्यापी 'रोजगार एवं भागीदारी यात्रा' का शंखनाद कर दिया है। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल के मार्गदर्शन एवं सिराथू से विधायक डॉ. पल्लवी पटेल के नेतृत्व में इस विशाल मोटरसाइकिल यात्रा का शुभारंभ हुआ। यात्रा के आरंभ में डॉ. पल्लवी पटेल ने सारनाथ स्थित राष्ट्रवीर महाराजा सुहेलदेव राजभर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इस दौरान उन्होंने आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव-2027 को लेकर एक बड़ा सियासी ऐलान करते हुए स्पष्ट किया कि वे आगामी विधानसभा चुनाव पुनः अपनी वर्तमान सीट सिराथू से ही लड़ेंगी।

Varanasi News, Purvanchal Samachar
Purvanchal Samachar 

सिराथू से ही लड़ेंगी 2027 का विधानसभा चुनाव, पल्लवी पटेल का स्पष्ट संदेश

सारनाथ में मीडियाकर्मियों से वार्ता करते हुए सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल ने भविष्य के चुनावी समीकरणों पर विराम लगाते हुए अपनी दावेदारी साफ कर दी।


उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, "जिस जगह से मुझे सम्मान मिला और जहां की जनता के आशीर्वाद से मेरी राजनीतिक पहचान बनी, 2027 के चुनाव में उसी सिराथू सीट से दोबारा चुनाव लड़ने का दावा करूंगी।" उल्लेखनीय है कि वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में पल्लवी पटेल ने कौशांबी जनपद की हाई-प्रोफाइल सिराथू सीट से तत्कालीन उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को पराजित कर प्रदेश की राजनीति में तहलका मचा दिया था। उनके इस स्पष्ट बयान से कौशांबी समेत पूरे पूर्वांचल के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।


रोजगार व संविदा कर्मियों के नियमितीकरण की मांग, 8 दिसंबर को लखनऊ में महाआंदोलन

राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल की उपस्थिति में शुरू हुई इस मोटरसाइकिल यात्रा का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के बुनियादी और उपेक्षित मुद्दों को उठाना है।


डॉ. पल्लवी पटेल ने बताया कि इस यात्रा का ध्येय युवाओं को स्थाई रोजगार, विभिन्न विभागों में वर्षों से कार्यरत संविदा कर्मियों के नियमितीकरण और व्यवस्था में पिछड़े, दलित व वंचित वर्गों की आनुपातिक भागीदारी सुनिश्चित कराना है। यह मोटरसाइकिल यात्रा पूर्वांचल और मध्य यूपी के विभिन्न जनपदों से गुजरते हुए जनसमर्थन जुटाएगी। उन्होंने ऐलान किया कि इस यात्रा का विधिवत समापन आगामी 8 दिसंबर 2026 को राजधानी लखनऊ में एक ऐतिहासिक और विशाल महाआंदोलन के रूप में होगा, जहां सरकार के समक्ष जनता के अधिकारों का मांगपत्र रखा जाएगा।


ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन को दी शुभकामनाएं, भाजपा पर बोला तीखा हमला

लखनऊ में ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के मुखिया चंद्रशेखर आजाद की संयुक्त रैली को लेकर पूछे गए सवाल पर पल्लवी पटेल ने सकारात्मक रुख दिखाया।


उन्होंने कहा, "AIMIM और चंद्रशेखर के गठबंधन को मेरी अग्रिम शुभकामनाएं हैं। हमारे देश के लोकतंत्र की वास्तविक खूबसूरती यही है कि जिस भी राजनीतिक संगठन के पास कोई जनसरोकार, विषय या मुद्दा है, उसे जनता के बीच अपनी बात रखने की पूरी आजादी है।" वहीं दूसरी ओर उन्होंने सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी पर युवाओं के अधिकारों पर कुठाराघात करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार न तो संविधान की मूल भावना को मानती है और न ही उससे मिले अधिकारों का सम्मान करती है। युवाओं के हक की लूटमारी की जा रही है और सरकारी नौकरियों की जगह युवाओं व कर्मचारियों को संविदा की असुरक्षित व्यवस्था में धकेल दिया गया है।